बिहार: पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के बेटे रणधीर की हथियारों के साथ फोटो वायरल, डिलीट की पोस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के राजद नेता और पूर्व विधायक रणधीर सिंह की हथियारों के साथ पूजा करते तस्वीर सामने आई है। विश्वकर्मा पूजा की शुभकामना के साथ यह तस्वीर फेसबुक पर डाली गई थी, जिस पर विवाद उठने के बाद पोस्ट डिलीट कर दी गई। पूर्व विधायक ने बाद में इस तस्वीर को काफी पुरानी बताते हुए सफाई दी कि सारे हथियार वैध हैं और लाइसेंसी हैं।
रणधीर सिंह बिहार के महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के बेटे हैं और छपरा से विधायक रह चुके हैं। सोशल मीडिया में उनकी हथियारों के साथ जो तस्वीर वायरल हुई, उसमें रिवाल्वर से लेकर बंदूक और रायफल से लेकर स्टेनगन जैसे हथियार शामिल हैं।
रणधीर सिंह की हथियारों के साथ पूजा करते जो तस्वीर सामने आई है, उसमें रणधीर पूजा के लिए खड़े दिख रहे हैं और सामने डेढ़ दर्जन से ज्यादा अत्याधुनिक हथियार चौकी पर रखे हुए हैं। यह तस्वीर विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर शुभकामना देते हुए फेसबुक पर डाली गई थी, जिसे बाद में हटा लिया गया।
एके-47 मामले में जेल में हैं अनंत सिंह
हथियारों के साथ बिहार के बाहुबली विधायकों का भी पुराना नाता रहा है। लगभग एक महीने पहले ही अनंत सिंह के घर से एके-47 बरामद हुआ था। 16 अगस्त को पुलिस ने अनंत सिंह के आवास पर छापेमारी की थी, जिसमें एक एके-47 रायफल के अलावा दो ग्रेनेड और गोलियां बरामद की गई थीं। इसके बाद 17 अगस्त को अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उनके घर गई, लेकिन अनंत सिंह फरार हो गए थे।
छह दिन फरार रहने के दौरान अनंत ने तीन वीडियो भी जारी किए थे, जिनमें उन्होंने कोर्ट में सरेंडर करने की बात कही थी। 23 अगस्त को अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की। 13 सितंबर को कोर्ट में उनकी पेशी हुई थी। फिलहाल वह जेल में हैं और 21 को फिर से कोर्ट में सुनवाई होनी है।