यूपी: भाजपा के एक और विधायक पर रेप का आरोप, पीड़िता बोली- न्याय नहीं मिला तो कर लूंगी आत्मदाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बदायूं के बिसौली से भाजपा विधायक कुशाग्र सागर पर घर की नौकरानी की बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगा है। मंगलवार को अपनी मां के साथ एसएसपी के सामने पेश हुई पीड़ित युवती ने आरोप लगाया कि कुशाग्र ने पहली बार उसके साथ करीब पांच साल पहले अपने ग्रीन पार्क स्थित घर में दुष्कर्म किया था। उस वक्त युवती नाबालिग थी और कुशाग्र भी विधायक नहीं थे।
उसके विरोध पर कुशाग्र और उनके परिवार वालों ने उसे बालिग होने पर शादी करने का झांसा देकर चुप करा दिया। इसके बाद भी पांच साल तक कुशाग्र उसका शारीरिक शोषण करते रहे। अब वह अपना वादा तोड़कर कहीं और शादी करने जा रहे हैं। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ नीति द्विवेदी को सौंप दी है।
Bareilly: Woman accuses BJP MLA from Badaun Kushagra Sagar of raping her. Victim says 'Will commit suicide if I don't get justice, I have been receiving threats as well and have become a subject of ridicule in society' Police have begun investigation. pic.twitter.com/6nelWHaHhs
विज्ञापन विज्ञापन— ANI UP (@ANINewsUP) May 30, 2018
बारादरी में रहने वाली एक महिला पूर्व विधायक योगेंद्र सागर के ग्रीन पार्क स्थित आवास पर काम करती थी। वह कई बार अपने साथ बेटी को भी ले जाती थी। आरोप है कि 2012 में योगेंद्र के बेटे कुशाग्र सागर ने नौकरानी की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उसने पीड़िता को धमकी देकर झांसा दिया कि वह उससे शादी कर लेगा। उसे अलग घर लेकर उसमें रखा गया। पीड़िता 2014 तक खामोश रही, इस दौरान भी शारीरिक संबंध बनाए जाते रहे और कुशाग्र भी विधायक बन गए।
आरोप है कि वह पीड़िता के घर पर आकर दुष्कर्म करते रहे। जब पीड़िता गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात भी कराया गया। 15 जुलाई, 2014 को पीड़िता ने तत्कालीन एसएसपी से मामले की शिकायत की। यहां पीड़िता से लिखित समझौता हुआ और शपथपत्र लिखे जाने पर 10 लाख रुपये कुशाग्र ने पीड़ित परिवार को दिए थे।
मां बेटी को दी गई हत्या की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि चार अप्रैल, 2018 को कुशाग्र ने उसके साथ रातभर दुष्कर्म किया। अप्राकृतिक संबंध भी बनाए। विरोध करने पर मारपीट की। उसकी मां को भी पीटा गया और फिर दोनों को घर से निकाल दिया गया। धमकी दी गई कि अगर इस मामले की शिकायत की तो दोनों की हत्या करा दी जाएगी। युवती के मुताबिक अगर विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेगी।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के मुताबिक "पीड़ित युवती ने मुझसे मुलाकात कर बिसौली विधायक कुशाग्र सागर के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसके आरोपों की तस्दीक के लिए सीओ तृतीय नीति द्विवेदी को जांच सौंपी दी है। जांच में अगर आरोपों की पुष्टि होती है तो विधायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
वहीं मामले पर बिसौली विधायक कुशाग्र सागर का कहना है, "हमारे ग्रीन पार्क वाले घर में उसकी मां काम करती थी। युवती को मैंने देखा तक नहीं। 2014 में भी साजिशन दुष्कर्म के आरोप लगाए गए। मामला एसएसपी तक जाने के बाद सीओ से जांच कराई गई, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिला।
कॉल डिटेल, वीडियो, ऑडियो कुछ भी नहीं मिला। इसके बावजूद एक शपथपत्र लिखकर समझौता किया गया और मुझसे 10 लाख रुपये लिए गए। मेरे पिता पर भी झूठे आरोप लगाए गए थे। मुझे राजनीति में आगे बढ़ते देखकर यह साजिश की जा रही है।"