मां समान भाभी को ही मार डाला, पुलिस हत्यारे देवर की तलाश में जुटी
- धारदार हथियार से भाभी की हत्या कर फरार हुआ देवर
- आरोपी के भाई ने कहा बीवी पर रखता था बुरी नजर
- दिनदहाड़े अंजाम दी गई वारदात से इस इलाके में सनसनी
- वारदात के पीछे जादू-टोने की बात भी सामने आ रही है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के गांव हनुमान गढ़ी में देवर ने भाभी की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ग्रामीणों को धमकाता हुआ भाग गया।
दिनदहाड़े गांव में हुई वारदात से लोगों में दहशत फैल गई। पति का आरोप है कि उसका भाई उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था। विरोध करने पर उसने घटना को अंजाम दिया।
सूचना पर पहुंचे एएसपी दिगंबर कुशवाह ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। बाद में बताया कि जांच के दौरान हत्याकांड के पीछे जादू टोने की बात सामने आ रही है। मृतका के पति ने थाने में छोटे भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव हनुमान गढ़ी निवासी कैलाश चंद्र छह भाइयों के साथ गांव में अलग-अलग घर में रह रहे हैं। गुरुवार सुबह जब कैलाश काम पर चले गए, इसके बाद उनके भाई उत्तम का उनकी पत्नी धनदेवी से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके कुछ देर बाद उत्तम गड़ासा लेकर पहुंचा और धारदार हथियार से धनदेवी पर एक के बाद एक कई वार कर दिए।
बच्चों के सिर से उठ गया मां का साया
महिला की चीख पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां उत्तम हाथ में खून से सना गड़ासा लिए खड़ा था। किसी गांव वाले ही हिम्मत उसे पकड़ने की नहीं हुई। इसी बीच तड़पते हुए धनदेवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उत्तम लोगों को धमकाता हुआ भाग गया। ग्रामीणों ने पुलिस और महिला के पति को घटना की सूचना दी।
एडीशनल एसपी दिगंबर कुशवाह ने बताया कि पुलिस जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर असली वजह का पता लगा लेगी। वहीं मृतका के पति ने भाई के खिलाफ पत्नी की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
धनदेवी की मौत के बाद उसके तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला का पति मजदूरी करता है, वहीं मृतक महिला घरों में काम कर बच्चों का पालन पोषण कर रही थी।
अचानक मां की मौत के बाद बेसहारा हुए बच्चों के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। पिता कैलाशचंद्र के पास महज आधा बीघा जमीन है। इससे परिवार का भरण पोषण होना मुश्किल है। बच्चों के सिर से मां का साया उठ चुका है।
'पेड़ पर बंधी ताबीज को लेकर हुआ था झगड़ा'
उसने बताया कि करीब एक माह पूर्व धनदेवी के एक देवर की मौत ज्यादा शराब पीने से हो गई थी। उस समय घर के बाहर लगे एक नीम के पेड़ पर किसी ने एक ताबीज बंधा हुआ देखा था। बुधवार को भी नीम के पेड़ पर किसी ने दोबारा ताबीज बंधा देखा।
आरोपी उत्तम को आशंका थी कि उसकी भाभी ने ताबीज बांधकर तंत्र-मंत्र के सहारे उसके भाई की जान ली है। अब दोबारा ताबीज बांधकर उसकी जान लेना चाहती है। इसी बात पर गुरुवार सुबह दोनों में काफी देर तक विवाद हुआ था। कुछ देर बाद ही उत्तम ने धनदेवी की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी।