बदमाशों ने पहले सरेआम मारी गोली, फिर बोले 'सॉरी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मानिकपुर हड़ुहुआ के लाला की छावनी के निकट घात लगाए बैठे बदमाशों ने एक युवक शफीक को गोली मार दी। जब देखा कि यह वह युवक नहीं जिसको उन्हें मारना था तो सॉरी बोला और फरार हो गए। उनके निशाने पर कोई लाल शर्ट वाला युवक था। संयोग से शफीक ने लाल शर्ट पहनी थी।
कंधे में गोली लगने बाद लहूलुहान युवक खुद ही बाइक चलाकर कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बीएचयू में बुधवार की सुबह डॉक्टरों ने उसकी गोली निकाल ली। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चार अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। घटना मंगलवार की देर शाम की है।
मंगलवार को भटौली मलिक निवासी ऑटो एजेंसी एजेंट मोहम्मद शफीक (35) थानीदास मोड़ पर मीट लेने गया था। लौटते वक्त मानिकपुर हड़हुआ के निकट लाला की छावनी के पास पहले से घात लगाए दो बाइक पर बैठे चार बदमाशों ने शफीक को रुकने का इशारा किया। शफीक नहीं रुका तो बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली शफीक के कंधे में जा धंसी।
‘माफ करना भाई तुम्हें नहीं मारना था’
बदमाश और गोलियां मारने के लिए उसके पास पहुंचे लेकिन तब तक उन्हें आभास हो गया कि उनके निशाने पर जो था यह वह नहीं। हथियार अंदर रखते हुए उन्होंने सॉरी बोला कहा, ‘माफ करना भाई तुम्हें नहीं मारना था’। लाल शर्ट के धोखे में मार दिया।
इसके बाद वह भाग गए। शफीक ने घायलावस्था में ही फोन पर अपने मित्र जानकारी दी और खुद ही कोतवाली पहुंचा और चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। गोली मारने के कारण का पता नहीं चल सका है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
बदमाशों के निशाने पर कोई लाल शर्ट वाला युवक था। उन्होंने गफलत में शफीक को गोली मार दी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। शफीक की हालत अब खतरे से बाहर है।
-शिवहरि मीणा, पुलिस अधीक्षक