लव मैरिज के लिए खुद को बताया कुंवारा, फिर पत्नी को किया दोस्तों के हवाले
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक सिरफिरे ने खुद को कुंवारा बताकर युवती से शादी कर ली। नोएडा की युवती को जब उसकी सच्चाई के बारे में पता चला तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। लेकिन बात यहीं नहीं थमी क्योंकि वो पीड़िता को रोज मारने लगा और मुंह बंद रखने की धमकी देने लगा। किसी तरह चंगुल से निकली युवती ने थाना टप्पल में रिपोर्ट लिखाई है।
युवती ने अपनी दर्दनाक आपबीती में बताया कि इलाके के उदयपुर गांव का एक परिवार उसके घर के पास ही किराए के मकान में रहकर अपना घर बनवा रहा था। इसी दौरान परिवार के युवक ने उसे खुद को अविवाहित बताकर अपने प्रेमजाल में फांस लिया।
फिर शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बना लिए। जिससे वह गर्भवती हो गई। शादी को दबाव डाला तो 30 नवंबर 16 को पहले आर्य समाज मंदिर में फिर रजिस्ट्रार गाजियाबाद के यहां शादी पंजीकरण करा दिया।
पीड़िता को दोस्तों के सामने परोसने लगा
शादी के बाद युवक उसे अपने पैतृक गांव उदयपुर, टप्पल ले आया। आरोप है कि युवक की मां ने उसे विटामीन की दवा बताकर उसे गोलियां खिला दी, जिससे उसे डेढ़ माह का गर्भपात हो गया। इसके बाद आए दिन उसके साथ मारपीट व शारीरिक शोषण होने लगा। फिर शराब पीकर युवक उसे अपने दोस्तों के सामने ही परोसने लगा।
इसी दौरान पति की कारस्तानी की जानकारी जेठ को हुई तो उसने भी अकेला पाकर उसे हवस का शिकार बना डाला। वे उसे घर से बाहर नहीं निकलने देते थे और न ही फोन पर किसी से बातें करने देते थे। फिर जानकारी हुई कि युवक पहले से ही शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता भी है। काफी दिन तक मां से कोई बात नहीं हुई तो वह उसे देखने उदयपुर पहुंची।
जहां उसने आपबीती बताई तो मां उसे चंगुल से निकालकर लाई। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जाने पर पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। मजबूर होकर उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। मामले में युवती ने पति नीरज भारद्वाज, जेठ सौरभ भारद्वाज, सास भूरी देवी, ससुर मेघश्याम को नामजद कराया है।