शामली: मंदिर जा रही युवती का दिन दहाड़े अपहरण
उत्तर प्रदेश में शामली के झिंझाना क्षेत्र के गांव के बाहर बने भूमिया खेड़ा पर पूजन करने गई युवती का कार सवार तीन युवकों ने अपहरण कर लिया। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग कराई, मगर आरोपियों की कार का सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह लगभग 10 बजे गांव वेदखेड़ी निवासी युवती छोटी बहन के साथ गांव से बाहर बने भूमिया खेड़ा पर पूजन करने गई थी। जब दोनों बहनें पूजा कर रही थीं। तभी वहां पहुंची स्विफ्ट कार से उतरे दो युवकों ने युवती को खींचकर कार में डाल लिया और भाग निकले।
छोटी बहन ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने पीछाकर कार को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कार हाथ नहीं आई। इसके बाद झिंझाना थाना पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के सभी रास्तों की नाकाबंदी करा कार को पकड़ने के लिए चेकिंग कराई। थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि युवती के पिता ने अमित निवासी बरवाला थाना शाहपुर को नामजद और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण कर ले जाने की तहरीर दी है। मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। युवती की तलाश की जा रही है। उधर, सीओ झिंझाना कुलदीप कुकरेती ने भी गांव वेदखेड़ी में जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अगवा कर आठवीं की छात्रा से रेप
शामली में ही में ही एक दूसरी घटना में आठवीं की छात्रा को घर से अगवा कर तीन युवकों द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पिता ने गांव के ही एक युवक और उसके दो बहनोई के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाभवन के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि रविवार को उसकी पुत्री और पत्नि घर में अकेली थी। उसी समय गांव का एक युवक अपने दो साथियों के साथ घर में घुस गया। उसकी पुत्री को जबरन उठाकर ले जाने लगे। पत्नि द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसको मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि युवक किशोरी को गांव के बाहर एक खेत में ले गए और किशोरी से दुराचार किया।
इस बीच किशोरी की मां के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देख आरोपी फरार हो गए। पीड़ित पिता ने आरोपी दीपक उसके बहनोई यूनुसपुर निवासी जोनी और नांगल निवासी सतीश के खिलाफ तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। उधर, थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।