{"_id":"676c010d9fa67f578b020b9d","slug":"shahdol-body-of-young-man-who-left-hotel-for-home-was-found-in-well-four-days-later-shahdol-rewa-road-jaam-2024-12-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shahdol: होटल से घर निकले युवक की चार दिन बाद कुएं में मिली लाश, नाराज लोगों ने शहडोल-रीवा मार्ग पर लगाया जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shahdol: होटल से घर निकले युवक की चार दिन बाद कुएं में मिली लाश, नाराज लोगों ने शहडोल-रीवा मार्ग पर लगाया जाम
Wed, 25 Dec 2024 06:27 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: अरविंद कुमार
Updated Wed, 25 Dec 2024 06:27 PM IST
सार
काम खत्म कर होटल से घर निकले युवक की चार दिन बाद कुएं में लाश मिली है। नाराज लोगों ने शहडोल-रीवा मार्ग पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन
शहडोल-रीवा मार्ग पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहडोल जिले में चार दिनों से घर से लापता युवक का कुएं में शव मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश है। ग्रामीणों के साथ परिजन शहडोल-रीवा मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का कहना कि युवक की हत्या कर उसकी लाश कुएं में डाल दी गई है। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है और लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन पिछले दो घंटे से शहडोल-रीवा मार्ग पूरी तरीके से बाधित है। घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र के घोरसा गांव की है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, अनुज अगरिया पिता दीनदयाल (24) निवासी घोरसा की लाश गांव के कुएं में बुधवार की दोपहर मिली है। युवक की जहां लाश मिली है, वह कुआं मृतक के घर से एक किलोमीटर की दूरी पर है। पुलिस ने बताया कि अनुज अगरिया ब्यौहारी के एक होटल में काम करता था और 21 दिसंबर की शाम तकरीबन सात बजे वह होटल से काम खत्म कर पत्नी से फोन पर बात कर घर के लिए निकला था। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।
विज्ञापन
मृतक अनुज की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 21 दिसंबर की शाम सात बजे अनुज ने उससे फोन कर बताया कि मेरा काम होटल में खत्म हो गया है और मैं घर निकल रहा हूं। कुछ देर के अंदर ही घर पहुंच जाउंगा। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा, जिसके बाद अगले दिन परिजनों ने अनुज के लापता होने की शिकायत ब्यौहारी थाने में दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले पर गुम इंसान दर्ज किया और युवक की तलाश शुरू कर दी।
विज्ञापन
मृतक के घर से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित रास्ते के कुएं में युवक की लाश बुधवार की दोपहर मिली है। बताया गया कि कुएं से काफी बदबू आ रही थी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने कुएं में देखा तो एक लाश पानी में उतराती दिखाई दी, जिसके बाद इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कुएं से बाहर निकला गया तो उसकी पहचान अनुज अगरिया के रूप में हुई, जिसके बाद गांव में इसकी जानकारी फैल गई। परिजन मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शहडोल-रीवा मार्ग दो घंटे से बंद
परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। लोगों का कहना कि युवक घर से चार दिनों से लापता था। होटल से वह काम कर घर के लिए निकला था, लेकिन वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों के साथ ग्रामीण इकट्ठा हो गए हैं और शहडोल-रीवा मार्ग पर खड़े होकर सड़क जाम कर दिया है। दो घंटे से शहडोल-रीवा मार्ग पूरी तरीके से बाधित है। सड़क जाम होने की जानकारी लगते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे लोगों को समझा बुझा रहा है। लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं। परिजनों ने कुछ संदेहियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि घोरसा गांव के लोग मेन रोड शहडोल-रीवा मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। चार दिन से लापता युवक का शव मिलने के बाद यह विरोध लोगों के द्वारा किया जा रहा है। हम अपनी टीम के साथ मौके पर हैं, लोगों से बातचीत जा रही है।
