{"_id":"650d8e1d33114db0a80e7158","slug":"rain-in-sehore-six-inches-of-rain-recorded-in-ashta-and-four-inches-in-sehore-road-closed-due-to-water-on-parv-2023-09-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rain In Sehore: आष्टा में छह इंच और सीहोर में चार इंच बारिश दर्ज, पार्वती नदी के पुल पर पानी आने से मार्ग बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rain In Sehore: आष्टा में छह इंच और सीहोर में चार इंच बारिश दर्ज, पार्वती नदी के पुल पर पानी आने से मार्ग बंद
Fri, 22 Sep 2023 06:22 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Fri, 22 Sep 2023 06:22 PM IST
सार
Rain In Sehore: सीहोर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार रात से झमाझम बारिश होने के कारण नगर की जीवन दायिनी पार्वती नदी सहित अन्य नदी-नाले उफान पर आ गए। आष्टा में पार्वती नदी के पुल पर पानी आने से मार्ग बंद कर दिया गया। आष्टा में करीब छह इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि सीहोर में चार इंच बारिश दर्ज हुई।
विज्ञापन
सीहोर में बारिश का नजारा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सीहोर में गुरुवार देर रात से अचानक तेज बारिश शुरू हुई है। जोरदार बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया, नदी-नाले भर गए। इस साल दो सावन अर्थात अधिक मास होने के बाद भी सावन मास सूखा निकला था, जिसमें मानसून ब्रेक की स्थिति लगातार बनी हुई थी। लेकिन पिछले दिनों से रिमझिम बारिश का दौर लगातार जारी रहा, रुक-रुक कर बारिश होती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
राजेश शर्मा ने बताया, इस मानसून सीजन में अब तक क्षेत्र में तेज बारिश नहीं हुई थी। कई बार लगा, लेकिन मूसलाधार बारिश नहीं हुई थी। लेकिन शुक्रवार की अलसुबह से शुरू हुई तेज बारिश ने सामान्य जनजीवन को काफी प्रभावित किया। बारिश का पानी कई घरों के अंदर भी जा पहुंचा, जहां घर का सामान खराब हो गया।
विज्ञापन
आष्टा में सबसे ज्यादा छह इंच बारिश
बताया गया है कि बारिश तो पूरे जिले में हुई और लगभग सभी तहसील क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। लेकिन आष्टा क्षेत्र में कुछ घंटे की समय अवधि के दौरान 147 एमएम (करीब छह इंच) बारिश दर्ज हुई जो इस सीजन में अपने आप में एक रिकॉर्ड है और इस सीजन की कम समय में हुई सर्वाधिक बारिश है। झमाझम बारिश होने के कारण आष्टानगर की जीवन दायिनी पार्वती नदी सहित अन्य नदी-नाले उफान पर आ गए। आष्टा में पार्वती नदी के पुल पर पानी आने से मार्ग बंद कर दिया गया।
अब तक 989.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
जिले में बीते 24 घंटे में 57.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। वर्षामापी केन्द्र सीहोर में 107.0, मिलीमीटर (करीब चार इंच), श्यामपुर में 23.2, आष्टा में 147.0 (करीब छह इंच), जावर में 30.2 इछावर में 30.0, भैरूंदा में 51.0, बुधनी में 31.0, रेहटी में 43.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले में एक जून से आज तक 989.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। गत वर्ष इसी अवधि में औसत वर्षा 1517.4 मिलीमीटर थी। जिले की वर्षा ऋतु में सामान्य औसत वर्षा 1148.4 मिलीमीटर है। अब तक जिले के वर्षामापी केन्द्र सीहोर में 951.3, मिलीमीटर, श्यामपुर में 710.1, आष्टा में 926.2, जावर में 993.0, इछावर में 913.0, भैरूंदा में 1017.7, बुधनी में 1216.0 तथा रेहटी में 1135.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार दो दिन के लिए भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कृषि कॉलेज में स्थित मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएस तोमर के अनुसार, अरब सागर से आ रही नमी के कारण बारिश का दौर अभी दो दिन जारी रहेगा।
सीहोर-भोपाल पुराना हाईवे स्थित पुल दो से ढाई फीट ऊपर से बह रहा
ग्राम थूना कला में विगत रात्रि पूरी रात बरसात होने एवं सुबह नौ बजे तक भी बरसात लगातार होने के कारण सीहोर-भोपाल पुराना हाइवे स्थित पुल दो से ढाई फीट ऊपर से बह रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी वाहनों को इस मार्ग से निकलने पर प्रतिबंधित कर दिया है। इस वर्ष पहली बार इतनी बरसात हुई है।
