{"_id":"6564cb0df8d49ebbb00a9466","slug":"khargone-uproar-over-death-of-mother-and-daughter-after-their-car-fell-into-canal-husband-accused-of-murder-2023-11-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Khargone: कार के नहर में गिरने से हुई मां बेटी की मौत पर बवाल; मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Khargone: कार के नहर में गिरने से हुई मां बेटी की मौत पर बवाल; मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
Mon, 27 Nov 2023 10:30 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खरगोन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खरगोन
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 27 Nov 2023 10:30 PM IST
सार
Khargone News: ससुर कमल सोलंकी ने आरोप लगाया कि आश्चर्य की बात तो यह है कि इस पूरे घटनाक्रम में आकाश दरवाजा खोलकर बाहर आ जाता है। लेकिन पास की सीट पर बैठी पत्नी व बेटी अंदर ही रह जाती हैं। पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जानी चाहिए। साथ ही आकाश के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
शव लेने अस्पताल पहुंचे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह-नर्मदा मार्ग पर शनिवार शाम को हादसे में ग्राम जामनिया निवासी कार सवार दंपति अपनी सात साल की बच्ची समेत नहर में जा गिरे थे। इस हादसे में पत्नी पूजा और बच्ची माही की मौत हो गई थी। लेकिन पति आकाश बच गया था। इस हादसे के बाद तनाव की स्थिति तब बन गई, जब पूजा के मायके वालों ने उसके पति आकाश पर ही हत्या का आरोप लगाया। इसको लेकर पूजा के मायके और ससुराल वालों के बीच पहले सरकारी अस्पताल परिसर में मारपीट हुई। फिर उनके ग्राम जामनिया में भी देर रात तलवार बाजी और पथराव की घटना तक हो गई। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
विज्ञापन
एक्वाडक्ट पुल से नहर में जा गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, ओंकारेश्वर जा रहे एक परिवार की कार शनिवार को खरगोन जिले के बड़वाह के पास एक्वाडक्ट पुल से नीचे नहर में गिर गई थी। उसके बाद राहगीरों की मदद से कार का रेस्क्यू करने की कोशिश की गई थी। हालांकि इस बीच कार सवार पति आकाश डूबती हुई कार का दरवाजा खोलकर पानी से बाहर आने में कामयाब हो गया था। वहीं, उसकी पत्नी पूजा और करीब सात साल की बेटी माही की कार में ही फंसने और शरीर में पानी भर जाने की वजह से मौत हो गई थी।
विज्ञापन
दोनों पक्षों में हुई तलवार बाजी
इस मामले ने रविवार को नया मोड़ तब ले लिया जब पूजा के परिजनों ने उसकी मौत का जिम्मेदार उसके पति को ही बता दिया। इसको लेकर पहले तो दोनों पक्ष शासकीय अस्पताल में गुत्थम-गुत्था हुए। उसके बाद देर रात ग्राम जामनिया में भी इनमें आपस में जमकर तलवार बाजी सहित पथराव की घटना हुई। इस बीच पूजा के मायके पक्ष का एक व्यक्ति इसमें घायल भी हुआ है। इसी के चलते दोनों पक्षों के तनाव के बीच पुलिस की मौजूदगी में रविवार को पूजा और माही के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया। इसके साथ ही दोनों शव लेकर निकली एंबुलेंस के साथ भी पुलिस की सुरक्षा के लिए साथ में रही।
विज्ञापन
ससुर ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप
इधर, अपनी बेटी और नातिन की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे पूजा के पिता कमल सोलंकी निवासी इंदौर ने अपने दामाद आकाश पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हादसा मानने के बजाय हत्या बताया है। कमल ने बताया कि पूजा की मां नर्मदा परिक्रमा पर जा रही थी, जिससे मिलने के लिए ही वह ओंकारेश्वर आना चाहती थी। लेकिन आकाश ने शराब पीकर उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना के कुछ समय पहले शाम करीब चार बजे फोन पर हमारी पूजा से बात हुई थी। वह बहुत रो रही थी। तब मैंने उसे मना कर दिया कि अगर इस बात पर मारपीट कर रहा है तो वह न आए। लेकिन ज्यादा जिद करने पर आकाश ने गुस्से में शराब पीकर तेज गाड़ी चलाई। नतीजन एक्वाडक्ट पुल के पहले गाड़ी उसने नहर में गिरा दी।
कमल ने आरोप लगाया कि आश्चर्य की बात तो यह है कि इस पूरे घटनाक्रम में आकाश दरवाजा खोलकर बाहर आ जाता है। लेकिन पास की सीट पर बैठी पत्नी व बेटी अंदर ही रह जाती हैं। पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जानी चाहिए। साथ ही आकाश के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
‘मामले की जांच की जा रही है’
इस मामले में बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि मां और बेटी का पीएम करा कर बॉडी रवाना कर दी गई है। कल रात महिला के मायके और ससुराल पक्ष में विवाद हुआ था, जिसमें रामप्रसाद नाम का एक व्यक्ति घायल हुआ है। हमारे द्वारा एफआईआर कर जांच की जा रही है।
