Indore Rain Alert: मालवा पर मेहरबान मानसून, इंदौर संभाग में तीन दिन झमाझम बारिश के आसार; मौसम विभाग ने चेताया
Indore Rain Alert: मालवा क्षेत्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। इंदौर संभाग में अगले तीन दिन तेज बारिश के आसार हैं। इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन और खंडवा में लगातार वर्षा से नदियां उफान पर हैं। किसानों को राहत मिली है, जबकि प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मालवा क्षेत्र पर इस बार मानसून पूरी तरह मेहरबान नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इंदौर संभाग में अगले तीन दिनों तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पिछले तीन दिनों से इंदौर, उज्जैन, देवास सहित कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। वहीं निमाड़ के खरगोन और खंडवा में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई है, जिससे कई नदियां उफान पर हैं और जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है, लेकिन सबसे अधिक असर मालवा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। इंदौर और आसपास के जिलों पर इस समय दो मौसम प्रणालियों का प्रभाव बना हुआ है। एक ओर मुंबई के पास अरब सागर में सक्रिय सिस्टम मालवा तक भरपूर नमी पहुंचा रहा है, जबकि दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र जबलपुर, रीवा और भोपाल संभाग में लगातार बारिश करा रहा है। इन दोनों सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है।
पढे़ं: प्रदेश में मानसून का जोर, 19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट; इंदौर-हरदा जमकर भीगे
मालवा में पिछले कुछ दिनों से काले बादलों का डेरा बना हुआ है। कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दोनों मौसम प्रणालियां अगले तीन से चार दिनों तक सक्रिय रहेंगी। ऐसे में जुलाई का पहला सप्ताह पूरे प्रदेश, विशेषकर इंदौर संभाग में अच्छी बारिश वाला रहने की संभावना है।
आमतौर पर मालवा में मानसून 15 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री कुछ देर से हुई। हालांकि, देर से आने के बावजूद जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून ने जोरदार रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और खरीफ फसलों की बुवाई को भी गति मिली है। वहीं शहरों में जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
