Indore: इंदौर-देवास बायपास पर फिर ट्रैफिक जाम,डेढ़ किलोमीटर तक वाहन की कतार
शाम चार बजे के बाद अर्जुन बड़ौद गांव में जाम लगना शुरू हुआ। यहां ब्रिज बनने के कारण ट्रैफिक को सर्विस रोड पर डायवर्ट किया गया है। उसकी चौड़ाई कम होने से ज्यादा वाहन नहीं आ पा रहे है। पिछले दिनों हुए जाम के बाद सर्विस रोड पर पेवर ब्लाॅक लगा दिए गए थे।
विस्तार
इंदौर देवास बायपास पर शुक्रवार को फिर ट्रैफिक जाम हो गया। दोनों तरफ डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रही। अर्जुन बड़ौद में बन रहे निर्माणाधीन ब्रिज को पार करने में वाहन चालकों को एक घंटे का समय लगा। इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के कारण ट्रैफिक जाम के हालात बने। जाम की जानकारी मिलने के बाद एनएचएआई की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और ट्रैफिक बहाल कराने की कोशिश में जुटी रही।
शाम चार बजे के बाद अर्जुन बड़ौद गांव में जाम लगना शुरू हुआ। यहां ब्रिज बनने के कारण ट्रैफिक को सर्विस रोड पर डायवर्ट किया गया है। उसकी चौड़ाई कम होने से ज्यादा वाहन नहीं आ पा रहे है। पिछले दिनों हुए जाम के बाद सर्विस रोड पर पेवर ब्लाॅक लगा दिए गए थे, लेकिन दो दिन से हो रही बारिश के कारण फिर सर्विस रोड पर कुछ जगह पेवर ब्लाॅक उखड़ गए और वाहनों की गति धीमी हो रही थी।
स्वतंत्रता दिवस पर काफी लोग परिवार के साथ पिकनिक मनाने निकलते है। इसके अलावा उज्जैन की तरफ से भी कई पर्यटक देवास होते हुए इंदौर आए। इस कारण भी इंदौर देवास बायपास पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया था।
डेढ माह पहले लगे जाम के दौरान हो गई थी मौतें
डेढ़ माह पहले भी इंदौर-देवास बायपास पर 48 घंटे का जाम लगा था। जाम में फंसने के कारण तीन बीमार लोगों ने उपचार मिलने से पहले ही दम तोड़ दिया था। तब इस ट्रैफिक जाम का मुद्दा प्रदेशभर में उछला था।
