इंदौर: इंदौर के शिवाजी स्टेचू में शिवाजी के हाथ की तलवार टूटी, थाने तक पहुंचा मामला
इंदौर के व्हाइट चर्च चौराहा स्थित छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा को अज्ञात बदमाशों ने नुकसान पहुंचाया है। गुरुवार को प्रतिमा की तलवार टूटी मिली, जबकि घोड़े का पट्टा भी क्षतिग्रस्त मिला। समाज के लोग मौके पर पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विस्तार
इंदौर के व्हाइट चर्च चौराहा पर स्थापित शिवाजी प्रतिमा की तलवार गुरुवार को टूटी मिली। समाजजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने तलवार को नुकसान पहुंचाया है।
इसके बाद समाज के लोग थाने पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। चौराहे के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों का पता लगाया जा सके।
इंदौर की शिवाजी प्रतिमा की तलवार किसी ने तोड़ दी है। धातु की यह तलवार काफी वजनी है। उसे तोड़कर ले जाने के प्रयास की आशंका मराठा संगठन से जुड़े लोगों ने जताई है। क्षत्रिय मराठा नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष चंदू कुंजीर को तलवार तोड़े जाने की जानकारी मिली। वे समाजजनों के साथ पहले प्रतिमा स्थल पहुंचे। इसके बाद वे संयोगितागंज थाने गए और अफसरों से कहा कि छत्रपति शिवाजी की तलवार और घोड़े का पट्टा टूटा है। किसी ने जानबूझकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है।
समाजजनों ने नगर निगम के अफसरों से मांग की है कि वे प्रतिमा स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो सके। तीन साल पहले ही शिवाजी सर्कल को नगर निगम ने संवारा था। किले की प्रतिकृति के साथ शिवाजी प्रतिमा को नए सिरे से स्थापित किया गया था। प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने को लेकर मराठा समाज के लोग नाराज हैं।
