Indore News: नाले में मिली मासूम लक्षिका की लाश, आंगन से गायब हुई, परिजन बदहवास
Indore News: इंदौर के शिव सागर कॉलोनी में लापता हुई 6 साल की बच्ची लक्षिका का शव नाले में मिला, जबकि कनाड़िया और लालबाग क्षेत्र में लापता बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया। इन घटनाओं ने बच्चों की सुरक्षा और देखरेख को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर के शिव सागर कॉलोनी में शनिवार को छह साल की बच्ची लक्षिका के लापता होने के बाद आज सुबह उसका शव एक नाले में मिला। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। मानसिक रूप से कमजोर लक्षिका अचानक घर के आंगन से गायब हो गई थी। बच्ची के गायब होने के बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों ने उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बच्ची के माता-पिता सुरेंद्रनगर, गुजरात के निवासी हैं और इंदौर में अपने माता-पिता से मिलने आए थे। घटना के समय लक्षिका की मां शालिनी ब्यूटी पार्लर गई हुई थीं, जबकि पिता जीवन घर पर मैच देख रहे थे। इसी दौरान बच्ची खेलते-खेलते गायब हो गई। चचेरे भाई ऋषि, जो उस समय फोन पर व्यस्त थे, ने भी बच्ची पर ध्यान नहीं दिया।
लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव
लक्षिका के लापता होते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई और अपहरण का मामला दर्ज किया गया। एसीपी रूबीना मिजवानी के नेतृत्व में सघन तलाशी अभियान शुरू हुआ। पुलिस, स्थानीय निवासी और परिजन मिलकर बच्ची को ढूंढने में जुट गए। पुलिस ने इलाके की झाड़ियों और नालियों तक में सर्चिंग कराई। इसके अलावा, एसडीआरएफ की टीम की मदद भी ली गई। लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह बच्ची का शव कॉलोनी के पास एक नाले में मिला। इस घटना ने परिजनों और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया।
एक बच्चा, दो बच्चियां मिली
इसी दौरान इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र की जीआरपी कॉलोनी से भी 13 साल की एक अन्य बच्ची के लापता होने की खबर आई। एसीपी कुंदन मंडलोई के मुताबिक, पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी है और तिलक नगर तथा कनाड़िया पुलिस द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। लालबाग क्षेत्र में रविवार को दो अन्य बच्चियों के लापता होने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि, पुलिस ने स्थानीय लोगों और इंटरनेट मीडिया की मदद से उन्हें जल्द ही ढूंढ निकाला। एडिशनल डीसीपी आनंद यादव ने बताया कि दोनों बच्चियां खेलते-खेलते कॉलोनी से दूर चली गई थीं, लेकिन सुरक्षित वापस मिल गईं। इसके अलावा, तिलक नगर थाना क्षेत्र से एक बच्चा भी गायब हो गया था, जिसे पुलिस ने शाम को खोज निकाला। इस तरह की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा और बच्चों की देखरेख को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
