Indore News: सीएम के कार्यक्रम में इंस्टाग्राम की शिकायत, इंफ्लूएंसर्स बोले हमारे अकाउंट क्यों बंद हो रहे?
कार्यक्रम में युवाओं ने दिलचस्प स्टार्टअप आइडिया साझा किए, साथ ही सरकार की स्टार्टअप नीति और पौधारोपण अभियान की सराहना की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ परस्पर संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने युवाओं के उत्थान और जन जागरूकता के लिए डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के योगदान को सराहा। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के डिजिटल इंफ्ल्यूएंसर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड' प्रदान किए जाने की घोषणा भी की।
स्टार्टअप और नवाचार पर युवाओं के दिलचस्प आइडिया
कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने इंदौर के विकास और स्टार्टअप संस्कृति को लेकर कई शानदार और नए विचार साझा किए। एक युवा ने सुझाव दिया कि इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का एक ऐसा ग्लोबल ब्रांड बनना चाहिए जो दुनिया भर में इंदौर के पारंपरिक स्वाद को पहुंचा सके। वहीं, एक अन्य स्टार्टअप आइडिया में कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए प्रोटीन डाइट और सलाद के फूड पैकेट डिलीवर करने की योजना बताई गई। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आईटी क्षेत्र से जुड़े नवाचारों पर भी युवाओं ने अपनी राय रखी।
सरकारी नीतियों और पौधारोपण अभियान की सराहना
युवा कॉन्फ्रेंस में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोकप्रिय चेहरों ने मध्य प्रदेश सरकार की नीतियों की प्रशंसा की। युवाओं ने कहा कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा पौधारोपण अभियान शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने और पर्यावरण सुधार में बेहद मददगार साबित होगा। इसके अलावा प्रदेश की वर्तमान स्टार्टअप नीति और युवाओं के रोजगार व कौशल विकास के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड' की घोषणा की
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के साथ काम करने वाले युवा आज समाज में परिवर्तन के सशक्त वाहक बन रहे हैं और उनके योगदान को सम्मानित किया जाना आवश्यक है। कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों के अनेक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स ने भाग लिया।
विचारों को रचनात्मक दिशा दे रहा आज का युवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से संवाद करते हुए समाज निर्माण, सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरूकता में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म समाज को दिशा देने का एक प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा केवल कंटेंट नहीं बना रहा, बल्कि विचारों को दिशा दे रहा है, समाज को जोड़ रहा है और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को स्वर दे रहा है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और जिम्मेदार डिजिटल कंटेंट के माध्यम से युवा समाज में रचनात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार डिजिटल क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से डिजिटल क्रिएटर्स के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के लिए 'डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड' की शुरुआत की जाएगी, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव भी साझा किए।
माय यूथ - माय प्राउड कॉन्क्लेव की प्रमुख झलकियां
• मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही युवाओं में अपार उत्साह, ऊर्जा और उमंग का माहौल देखने को मिला।
• मुख्यमंत्री ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाभरा के लिए आयोजित बाइक रैली और ओंकारेश्वर के लिए साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।
• मुख्यमंत्री भी बाइक पर सवार हुए और बाइकर्स का उत्साहवर्धन किया।
• मुख्यमंत्री ने हेलमेट पहनकर युवाओं को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
• युवाओं के लिए कार्यक्रम स्थल पर इंदौरी जायकों से सुसज्जित फूड स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें युवाओं का शानदार प्रतिसाद मिला।
• मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी मालवा के प्रसिद्ध व्यंजनों—शिकंजी, भुट्टे की किस, कांजी वड़ा और रसगुल्ले का स्वाद लिया।
• मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
• युवाओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी मुक्त कंठ से सराहना की।
• विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने मुख्यमंत्री से आत्मीय भेंट कर अपने नवाचार, स्टार्ट-अप, करियर और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।
• युवाओं के साथ अनौपचारिक बातचीत की और सेल्फी खिंचवाई।
• लाइव म्यूजिक बैंड और ऑर्केस्ट्रा की आकर्षक प्रस्तुतियों ने युवाओं को रोमांचित कर दिया। मुख्यमंत्री स्वयं मंच पर पहुंचकर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और बैंड के युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
• पूरे कार्यक्रम में युवाओं का जोश, नवाचार, रचनात्मकता और मध्यप्रदेश के विकास में सहभागी बनने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
