इंदौर के देवी अहिल्या बाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यदि आप चाय-नाश्ता करने का विचार कर रहे हैं, तो एक बार रेट लिस्ट देखकर जरूर सोचें। यहां 1 कप चाय की कीमत 190 रुपए है, जबकि दो समोसे (एक प्लेट) 303 रुपए के हैं। इंदौर का प्रसिद्ध पोहा यहां 399 रुपए का मिलता है, जो टैक्स जोड़ने के बाद लगभग 449 रुपए तक का पड़ता है।
2 of 2
पैसेंजर ने सोशल मीडिया पर शेयर की पोस्ट।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
यात्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया
हाल ही में इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा कर रहे एक यात्री ने सोशल मीडिया पर कैलाश चाट हाउस के मैन्यू की फोटो पोस्ट की, जिसमें इन महंगे दामों की जानकारी दी गई है। इस मैन्यू में पोहा 399 रुपए, समोसा 303 रुपए, चाय 190 रुपए, लस्सी 249 रुपए, वड़ा पाव 329 रुपए, पूरी भाजी 469 रुपए, छोले पूरी 549 रुपए, पराठा कॉम्बो 549 रुपए और छोले भटूरे 619 रुपए का दिखाया गया है। इन कीमतों की तुलना बाजार से की जाए तो यह 20 से 30 गुना अधिक महंगी हैं। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर इन दामों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए तंज कसा कि क्या इन नाश्तों में सोना और चांदी मिलाया गया है।
कुछ साल पहले 100 रुपए में मिलता था भरपेट भोजन
गौरतलब है कि कुछ साल पहले इसी एयरपोर्ट पर एक कंपनी केवल 100 रुपए में भरपेट भोजन थाली परोसती थी लेकिन अब इन दामों ने यात्रियों को काफी परेशान कर दिया है।
संसद में भी उठ चुका मुद्दा
एयरपोर्ट पर महंगे खानपान का मुद्दा संसद में भी उठ चुका है। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने हाल ही में संसद में हवाई यात्रा के बढ़ते खर्च और एयरपोर्ट पर महंगे खानपान पर सवाल उठाते हुए कहा था कि बाजार में 20 रुपए में मिलने वाली पानी की बोतल एयरपोर्ट पर 100 रुपए में मिलती है। एयरपोर्ट पर चाय 250 रुपए और समोसा 350 रुपए में मिल रहा है। उनके इस बयान के बाद एयरपोर्ट पर महंगे खानपान को लेकर बहस और तेज हो गई है। सरकार ने भी संकेत दिए हैं कि एयरपोर्ट पर सस्ता और वाजिब दामों पर नाश्ता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, लेकिन वर्तमान स्थिति में यात्रियों को इन ऊंचे दामों का सामना करना पड़ रहा है।