Indore: मंत्री विजयवर्गीय ने कहा- 24 घंटे इंदौर खोलने का फैसला अनुशासित तरीके से होगा
प्रदेश में सबसे ज्यादा आईटी कंपनियां इंदौर में है। इन कंपनियों में अलग-अलग शिफ्ट में काम होता है। डेढ़ साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आईटी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शहर का एक हिस्सा रातभर खोले जाने की मांग की थी।
विस्तार
प्रदेश सरकार प्रदेश के कुछ शहरों को 24 घंटे खोलने की तैयारी कर रही है, ताकि बिजनेस,रोजगार और पर्यटन बढ़े। इसमें इंदौर भी शामिल है। इस फैसले को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर सहित अन्य शहरों को 24 घंटे खोलने का फैसला सरकार का है,लेकिन इसकी प्रक्रिया क्या होगी? अनुशासित तरीके से खोला जाना है। यह सब चर्चा के बाद ही होगा।
इस मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव से चर्चा हुई है। विजयवर्गीय ने पौधारोपण अभियान को लेकर आयोजित एक बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही। इंदौर में बीआरटीएस को 24 घंटे खोले जाने के फैसले को लेकर भी पहले विजयवर्गीय के बयान आ चुके है।
इंदौर मेें हुआ था सबसे पहले प्रयोग
प्रदेश में सबसे ज्यादा आईटी कंपनियां इंदौर में है। इन कंपनियों में अलग-अलग शिफ्ट में काम होता है। डेढ़ साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आईटी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शहर का एक हिस्सा रातभर खोले जाने की मांग की थी।
इसके बाद 11 किलोमीटर लंबे बीआरटीएस को 24 घंटे खोले जाने का फैसला लिया गया,हालांकि रात में आए दिन होने वाले विवाद के बाद इस फैसले का कई लोगों ने विरोध भी किया था। इंदौर में नाइट कल्चर की परंपरा 80 साल पुरानी है।
सराफा क्षेत्र रात 2 बजे तक खुला रहता है। पहले राजवाड़ा की दुकानें भी देर रात तक खुली रहती थी। पूरे इंदौर को 24 घंटे खोलने का नोटिफिकेशन सरकार दो-तीन दिन में जारी कर सकती है।
