Indore: इंदौर के सिरपुर तालाब के आसपास से हटाई गुमटियां व मकान, विरोध भी हुआ
शनिवार को आठ निर्माणाधीन मकानों को बुलड़ोजर की मदद से जमींदोज कर दिया गया। नगर निगम ने सिरपुर तालाब के आसपास 100 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित किए है। अब धीरे-धीरे उन्हें हटाया जाएगा।
विस्तार
इंदौर के सिरपुर तालाब के आसपास बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। पहले तालाब के आसपास के हिस्से का सर्वे कराय गया। इसके बाद शनिवार को नगर निगम का अमला अवैध निर्माणों को हटाने पहुंचा। तालाब किनारे दस से ज्यादा गुमटियां बन गई थी।
जिसे नगर निगम ने हटाया। यहां एक मस्जिद के आसपास भी अवैध गुमटियां बन गई थी। जिसे तोड़ा गया। इसके आए एक चाय की गुमटी हटाने नगर निगम का अमला पहुंचा तो दुकानदार ने कर्मचारियों के साथ हुज्जत शुरू कर दी।
वह बोल रहा था कि गुमटी हटाने से उसका रोजगार छिन जाएगा, लेकिन अफसरों ने कहा कि तालाब किनारे इस तरह अवैध गुमटी नहीं लगाई जा सकती। अतिक्रमणकारी ने हाथापाई शुरू कर दी तो कर्मचारियों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद अन्य निर्माण भी हटाए गए।
आठ निर्माणाधीन मकान भी तोड़े
तालाब के आसपास से अतिक्रमण हटाने के बाद नगर निगम का अमला खिजराबाद काॅलोनी पहुंचा। यहां नक्शा मंजूर कराए बगैर अवैध निर्माण हो रहे थे। अफसरों ने पहले यहां स्वेच्छता से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया था, लेकिन लोगों ने काम नहीं रोका।
निर्माण भी हटाने को राजी नहीं थे। इसके बाद शनिवार को आठ निर्माणाधीन मकानों को बुलड़ोजर की मदद से जमींदोज कर दिया गया। नगर निगम ने सिरपुर तालाब के आसपास 100 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित किए है। अब धीरे-धीरे उन्हें हटाया जाएगा। सिरपुर तालाब को रामसर साइट का दर्जा मिला है। यहां ठंड के दिनों में दूसरे देशों से पक्षी आते है और चार माह तक सिरपुर तालाब के आसपास डेरा डालते है।
