इंदौर: देवास के जहरीले शराब कांड के बाद इंदौर बायपास के ढाबों पर आबकारी विभाग का धावा
देवास में जहरीली शराब कांड के बाद इंदौर का आबकारी विभाग भी सक्रिय हो गया है। विभाग की टीम ने इंदौर बायपास के छह ढाबों पर छापेमारी कर देशी-विदेशी शराब की 65 बोतलें जब्त की हैं। साथ ही हाईवे पर खड़े ट्रकों और कंटेनरों की भी जांच की गई।
विस्तार
देवास में जहरीली शराब कांड के बाद इंदौर का आबकारी विभाग भी सक्रिय हो गया है। विभाग की टीम ने 26 अक्टूबर को इंदौर बायपास के ढाबों पर जांच की। इस दौरान छह ढाबों से देशी और विदेशी शराब की 65 बोतलें जब्त की गईं।
विभाग ने सभी छह मामलों में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। इसके अलावा बायपास से गुजरने वाले और ढाबों पर खड़े ट्रकों व कंटेनरों की भी जांच की गई, ताकि शराब की अवैध तस्करी पर रोक लगाई जा सके।
आबकारी विभाग की टीम ने महाकाल ढाबा, मां भगवती रेस्टोरेंट एवं ढाबा, ठाकुर श्री ढाबा, बाबा ढाबा, राजपूत ढाबा और जय मां काली ढाबा पर जांच की। यहां से कुल 65 बोतल देशी और विदेशी शराब मिली, जिन्हें जब्त कर लिया गया। विभाग ने संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की।
ढाबों पर कार्रवाई के साथ ही हाईवे से गुजरने वाले संदिग्ध ट्रकों और कंटेनरों की भी जांच की गई। वाहनों में अवैध शराब ले जाने और अन्य गड़बड़ियों की आशंका को देखते हुए तलाशी ली गई। आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब बनाने, जमा करने, बेचने और एक जगह से दूसरी जगह ले जाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
बता दे कि देवास में शराब के सेवन से दस से ज्यादा लोगों की मौत 20 दिन के भीतर हो गई है। इंदौर से देवास की दूरी 35 किलोमीटर है और कई ढाबे मार्ग पर है। इन ढाबों पर अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें भी अफसरों को मिलती है।
