Indore: इंदौर में बीआरटीएस की लेन बंद, बसें भी अब मिक्स ट्रैफिक लेन में चल रहीं
पंद्रह दिन में एक किलोमीटर हिस्से में भी बस लेन नहीं हट पाई है। इस कारण 11 किलोमीटर लंबे हिस्से में बस लेन और बस स्टाॅप हटाने में छह माह से ज्यादा समय लग सकता है। बीआरटीएस पर पंद्रह से ज्यादा बस स्टाॅप हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीआरटीएस की बस लेन हटाने का काम भले ही रुका हुआ है, लेकिन कुछ हिस्सों में बस लेन में उनकी एंट्री बंद हो गई है। इस कारण अब सिटी बसें या आईबसें भी मिक्स लेन में चल रही हैं और उन्हें पहले से ज्यादा समय लग रहा है। व्हाइट चर्च चौराहा से इंदिरा गांधी प्रतिमा तक के हिस्से में बस लेन को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। इस कारण बीआरटीएस मार्ग पर अब ट्रैफिक की गुत्थी और उलझने वाली है।
नगर निगम ने बस लेन हटाने का काम ठेके पर दिया है, लेकिन ठेकेदार धीमी गति से काम कर रहा है। पिछले 15 दिन में एक किलोमीटर हिस्से में भी बस लेन नहीं हट पाई है। इस कारण 11 किलोमीटर लंबे हिस्से में बस लेन और बस स्टाॅप हटाने में छह माह से ज्यादा समय लग सकता है। बीआरटीएस पर 15 से ज्यादा बस स्टाॅप हैं। ठेकेदार को कहा गया कि दिन में बस स्टाॅप हटाने का काम करे और रात के समय बस लेन हटाए। चलते ट्रैफिक में यह काम ठेकेदार के लिए आसान नहीं है। इस कारण अभी तक काम गति नहीं पकड़ पा रहा है। बस लेन हटाने का काम तीन दिन से बंद है।
हादसों की आशंका
बीआरटीएस रोड पर 50 से ज्यादा सीटें बसें पहले बस लेन में चलती थीं। अब धीरे-धीरे वह मिक्स लेन में चल रही हैं। इस कारण मिक्स लेन में हादसे की संभावना ज्यादा बढ़ जाएगी, क्योंकि मिक्स लेन में वैसे ही ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। बसों के चलने से चौराहों पर ट्रैफिक जाम और ज्यादा होगा। अभी भंवरकुआं, निरंजनपुर वाले हिस्से में भी मिक्स लेन में बसें चल रही हैं। भंवरकुआं चौराहे पर ब्रिज बन चुका है, जबकि निरंजनपुर चौराहे पर ब्रिज का काम जारी है।
