{"_id":"66167a5ce7592dbbbd0f1cd8","slug":"nauradehis-tiger-knocked-in-damoh-district-hunted-two-cattle-forest-staff-engaged-in-search-damoh-news-c-1-1-noi1223-1584484-2024-04-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Damoh News: नौरादेही के बाघ की दमोह जिले में दस्तक, दो मवेशियों का किया शिकार, खोज में जुटा वन अमला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Damoh News: नौरादेही के बाघ की दमोह जिले में दस्तक, दो मवेशियों का किया शिकार, खोज में जुटा वन अमला
सार
नौरादेही अभयारण्य के एक बाघ ने दमोह जिले में दस्तक दी है। बाघ ने जिले में दो मवेशियों का शिकार किया है। वन विभाग का अमला सक्रिय हो गया है और बाघ को खोज रहा है।
विज्ञापन
बाघ की जानकारी लेते दमोह डीएफओ
विस्तार
रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के नौरादेही अभयारण्य के बाघ ने दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में अपनी दस्तक दी है। दो मवेशियों का शिकार भी कर दिया है। इसके बाद दमोह जिले का वन अमला बाघ की खोज में जुट गया है। अलर्ट मोड पर है। दरअसल, नौरादेही अभयारण्य की सीमा और तेंदूखेड़ा ब्लॉक की सीमा के बीच केवल एक नदी है, जिसको पार करने पर सीमा बदल जाती है।
विज्ञापन
मंगलवार को तेंदूखेड़ा ब्लॉक में बाघ की दस्तक होने की जानकारी मिली तो तेंदूखेड़ा उप-वनमंडल के अधीन आने वाली रेंजों के अमले को अलर्ट किया गया। कुछ गांव में मुनादी भी कराई गई। जिस बाघ की लोकेशन तेंदूखेड़ा और झलौन वन परिक्षेत्र में मिल रही है, उसके बारे में बताया जा रहा है कि यह नौरादेही में लाई गई नई बाघिन कजरी है। उसे बांधवगढ़ राष्ट्रीय पार्क से नौरादेही लाई गई थी। इसके साथ एक बाघ भी आया था। बाघ तो एक जगह बैठा है, लेकिन कजरी अपना स्थान बदलती रहती है। पहले इसकी लोकेशन तारादेही वन परिक्षेत्र के जंगलों में मिली और मंगलवार को इसकी लोकेशन तेंदूखेड़ा और झलौन के जंगलों में मिलने लगी। जानकारी लगते ही वन अमले ने खोजबीन शुरू करने के साथ उन गांव में मुनादी करनी शुरू कर दी जिन गांव के समीप बाघिन की लोकेशन है। देर रात तक तेंदूखेड़ा सहित आसपास का वन अमला बाघिन के होने की मुनादी तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र के गांव में करवाता रहा।
विज्ञापन
पहले किया बछिया का शिकार
मंगलवार को बाघिन की लोकेशन तेंदूखेड़ा और झलौन वन परिक्षेत्र की सीमा में मिली जबकि इसके चार दिन पूर्व भी किसी बड़े जानवर ने झलोन रेंज अंतर्गत भदभदा के समीप एक बछिया का शिकार किया है। इसकी पुष्टि गांव के लोगों ने की है। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल में मंगलवार से नहीं बल्कि तीन से चार दिन पूर्व से एक बड़ा मांसाहारी जानवर आ गया है। उसने झलौन, बिसानाखेड़ी के बीच मुख्य मार्ग से कुछ अंदर जंगली क्षेत्र में मवेशियों का शिकार किया है। ग्रामीणों ने जब उस मृत पशु को देखा तो ऐसा प्रतीत हुआ कि किसी बाघ ने ये शिकार किया है। उसके बाद से हरदुआ, धनेटा और आसपास से लगे गांव के ग्रामीणों ने महुआ बीनने का कार्य बंद कर दिया।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे दमोह डीएफओ
बुधवार को वनमंडल अधिकारी दमोह एमएस उइके भी मौके पर पहुंचे। उसके साथ तेंदूखेड़ा उपवन मंडल अधिकारी रेखा पटेल, तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी मेघा पटेल, झलोन रेंजर सृष्टि जैन ने जंगली क्षेत्रों का भ्रमण किया और बाघ की तेंदूखेड़ा ब्लाक में होने की पुष्टि करते हुए कहा नौरादेही से बाघ तेंदूखेड़ा की सीमा में पहुंच गया है। अब ये बाघ है या बाघिन इसकी उन्होंने अभी पुष्टि नहीं की है।
