Damoh: महिला ने उतारा आशिकी का भूत, छेड़छाड़ करने वाले को पहले लात-घूंसों से मारा, फिर बरसाई चप्पलें
दमोह में दो युवकों ने महिला से छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर एक युवक भाग गया, जबकि दूसरा पकड़ा गया। गुस्साई महिला ने पहले युवक को लात-घूंसों से मारा और फिर चप्पल से पिटाई शुरू कर दी।
विस्तार
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में एक महिला ने छेड़छाड़ करने वाले युवक को सबक सिखाते हुए उसे लात-घूंसों और चप्पलों से जमकर पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर गुरुवार को वायरल हो गया, जिसे देखकर लोग महिला की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं।
घटना जैन मंदिर के पास हुई, जहां एक महिला सड़क से गुजर रही थी। इस दौरान दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के विरोध करने पर एक युवक भागने में सफल रहा, लेकिन दूसरा युवक महिला के हाथों पकड़ा गया। गुस्से में महिला ने पहले उसे लात-घूंसों से मारा, जिसका युवक ने विरोध करने की कोशिश की। इसके बाद महिला ने चप्पल उतारकर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने इस घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला को युवक से सवाल करते हुए देखा गया, "अगर कोई तुम्हारी पत्नी के साथ ऐसा करता तो तुम्हें कैसा लगता?" महिला ने दूर खड़े उसके साथी को भी बुलाया, लेकिन वह भाग खड़ा हुआ।
जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया युवक नरगवां गांव का निवासी है, जो किसी काम से अपने दोस्त के साथ तेंदूखेड़ा आया था। दोनों ने महिला पर छींटाकशी की, लेकिन महिला ने साहस दिखाते हुए उनमें से एक को पकड़ लिया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद युवक ने महिला से माफी मांगी, जिसके बाद महिला ने उसे छोड़ दिया। महिला और युवक दोनों अपने-अपने रास्ते चले गए। हालांकि, महिला ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई।
