Russia Ukraine War Live: रूस को मानवाधिकार परिषद से निलंबित करने के लिए यूएनजीए में आज मतदान, दोनेत्स्क में गोलाबारी में पांच लोगों की मौत
रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग को 42 दिन बीत चुके हैं। अब तक यूक्रेन के कई शहरों को रूस पूरी तरह से तबाह कर चुका है। वहीं, अमेरिका, जी7 और यूरोपीय संघ ने रूस के खिलाफ नए वित्तीय प्रतिबंधों का एलान किया है। अमेरिका ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बेटियों को भी प्रतिबंधों के दायरे में रखा है। इसी बीच यूक्रेन पर हमले के लिए रूस को संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार परिषद से निलंबित करने के संबंध में अमेरिका द्वारा प्रस्तावित कदम पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में आज मतदान होगा।
लाइव अपडेट
मैरियूपोल में 5000 से अधिक नागिरक रूसी हमले मे मारे गये: महापौर
यूक्रेन के मैरियूपोल के महापौर ने कहा है कि रूसी हमले के दौरान शहर में 5,000 से अधिक नागरिक मारे गए। यूक्रेन अब कीव के बाहरी क्षेत्रों में रूसी अत्याचार के सबूत जुटाने में लगा है। इस बीच, अमेरिका एवं उसके पश्चिमी सहयोगी देश युद्ध अपराध का आरोप लगाते हुए क्रेमलिन के विरुद्ध नई पाबंदियां लगाने की दिशा में आगे बढ़े हैं। महापौर वाडियम बोइचेंको ने बुधवार को बताया कि मारे गए लोगों में 210 बच्चे हैं। उनके अनुसार रूसी सैन्यबलों ने अस्पतालों में भी बम बरसाए और एक अस्पताल में 50 लोगों की जलकर मौत हो गई। उन्होंने कहा कि रूसी गोलाबारी में इस शहर का 90 फीसदी बुनियादी ढांचा नष्ट हो गया है ।
कुछ यूक्रेनी सैनिकों को अमेरिका में ड्रोन प्रशिक्षण दिया जा रहा: पेंटागन
बुधवार को एक हजार से अधिक लोगों ने छोड़ा मैरियूपोल
मैरियूपोल छोड़ने वाले नागरिकों के काफिले के बारे में ताजा जानकारी सामने आई है। रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति (आईसीआरसी) की ने 1,000 से अधिक लोगों की बस को जपोरिजिया तक पहुंचाया। इससे पहले की रिपोर्टों में कहा गया था कि 500 से अधिक नागरिकों का एक काफिला मैरियूपोल से जा रहा है, लेकिन नई रिपोर्ट में यह आंकड़ा 1,000 से अधिक लोगों का बताया गया है।
रूस को मानवाधिकार परिषद से निलंबित करने के लिए यूएनजीए में आज मतदान
यूक्रेन पर हमले के लिए रूस को संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार परिषद से निलंबित करने के संबंध में अमेरिका द्वारा प्रस्तावित कदम पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में बृहस्पतिवार को मतदान होगा। यूएनजीए अध्यक्ष के कार्यालय ने कहा कि 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र निकाय का आपातकालीन विशेष सत्र बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे फिर से शुरू होगा और इस दौरान रूस को निलंबित करने के लिए मसौदा प्रस्ताव पर कार्रवाई की उम्मीद है। मानवाधिकार परिषद में 47 सदस्य देश होते हैं, जो महासभा के अधिकांश सदस्यों द्वारा गुप्त मतदान द्वारा सीधे और व्यक्तिगत रूप से चुने जाते हैं। महासभा, उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत से 'मानवाधिकारों के घोर और व्यवस्थित उल्लंघन करने वाले परिषद के सदस्य की परिषद में सदस्यता निलंबित कर सकती है।'
अमेरिका ने रूस के मीडिया कारोबारी पर साइबर अपराध का आरोप लगाया
जो बाइडन प्रशासन ने आरोप लगाया है कि रूस के एक प्रमुख मीडिया कारोबारी ने अमेरिकी सरकार की पाबंदियों का उल्लंघन किया। साथ ही, प्रशासन ने रूसी सैन्य खुफिया एजेंसी द्वारा नियंत्रित एक साइबर अपराध अभियान को नाकाम करने का भी दावा किया है। न्याय विभाग ने कहा है कि रूसी नागरिकों की अवैध संपत्तियों का पता लगाने के अभियान में तेजी आई है। वहीं, अमेरिकी अभियोजक यूक्रेन में युद्ध अपराध को लेकर रूस के खिलाफ सबूत जुटाने में यूरोप के अपने समकक्षों की मदद कर रहे हैं। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद रूस के कुलीन वर्ग के किसी शख्स को पहली बार दोषारोपित किया है। मीडिया कारोबारी और ‘टीसरगर्द टीवी’ चैनल के संस्थापक कॉन्स्टेंटिन मालोफेयेव के खिलाफ कोषागार विभाग के प्रतिबंधों से बचने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। मालोफेयेव पर क्रीमिया में अलगाववाद को बढ़ावा देने के लिए रूस को वित्तपोषण करने का आरोप है।
अमेरिका ने नए प्रतिबंधों में पुतिन की बेटियों और रूसी बैंकों को निशाना बनाया
अमेरिका ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों की जवाबी कार्रवाई के तहत बुधवार को रूसी बैंकों पर जुर्माना बढ़ाये जाने और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो बेटियों को निशाना बनाते हुए पाबंदियां लगाए जाने की घोषणा की। इस कदम के तहत स्बरबैंक और अल्फा बैंक को अमेरिकी वित्तीय प्रणाली से दूर करने के साथ ही अमेरिकी नागरिकों को इन संस्थानों के साथ व्यापार करने से रोका गया है। इसके अलावा, अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में पुतिन की बेटियों मारिया पुतिन व कैटरीना तिखोनोवा और प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की पत्नी और बच्चों के अलावा रूस की सुरक्षा परिषद के सदस्यों और पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव को भी रखा गया है। अमेरिका ने पुतिन परिवार के सभी करीबी सदस्यों को अमेरिकी वित्तीय प्रणाली से दूर कर दिया है और इनकी अमेरिका स्थित सभी संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है।