PM Modi Visit Live: पीएम मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्च सम्मान, भारतीय समुदाय को किया संबोधित
PM Modi Mauritius Visit Live Updates In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के दौरे पर हैं। भारत और मॉरीशस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
लाइव अपडेट
पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री रामगुलाम और उनकी पत्नी वीणा को ओसीआई कार्ड प्रदाए किए
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशेष सद्भावना का प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को अपने मॉरीशस के अपने समकक्ष नवीन रामगुलाम और उनकी पत्नी वीणा रामगुलाम को ‘ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया’ (ओसीआई) प्रदान किये। प्रधानमंत्री मोदी ने ओसीआई कार्ड देने की घोषणा एक सामुदायिक कार्यक्रम में की जिसमें मॉरीशस मंत्रिमंडल के सदस्यों, सरकारी अधिकारियों और नेशनल असेंबली के सदस्यों सहित 3,500 से अधिक लोग शामिल हुए।
इससे पहले दिन में मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मबीर गोखूल और प्रथम महिला वृंदा गोखूल को ओसीआई कार्ड सौंपे। यह कार्ड उनकी राजकीय यात्रा के पहले दिन सौंपे गए, जो मॉरीशस के साथ अपने प्रवासियों और द्विपक्षीय संबंधों के प्रति भारत की कटिबद्धता को रेखांकित करते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मार्च 2024 में हुई मॉरीशस की राजकीय यात्रा के दौरान, भारत ने सातवीं पीढ़ी तक के भारतीय वंशी मॉरीशस नागरिकों को ओसीआई कार्ड के लिए पात्रता प्रदान की। यह पहल भारतीय प्रवासियों के साथ घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी।मॉरीशस में 22,188 भारतीय नागरिक और 13,198 ओसीआई कार्ड धारक रहते हैं, जो देश में भारतीय समुदाय की महत्वपूर्ण उपस्थिति को दर्शाता है। ओसीआई कार्ड धारकों को भारत में अनिश्चित काल तक रहने, काम करने और अध्ययन करने का अधिकार मिलता है, साथ ही वीजा-मुक्त यात्रा और अन्य विशेषाधिकार भी मिलते हैं।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जब भी मैं मॉरीशस आता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे में अपने ही लोगों के बीच हूं। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत और मॉरीशस के संबंधों में मधुरता बढ़ी है। मॉरीशस के नागरिकों को उनके राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा, मॉरीशस के पीएम ने अभी घोषणा की है कि वे मुझे अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करेंगे। मैं आपके फैसले को विनम्रता के साथ स्वीकार करना चाहता हूं। यह भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान है।
पोर्ट लुईस में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मॉरीशस के समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम की मौजूदगी दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए। मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री की पत्नी वीना रामगुलाम को ओसीआई कार्ड प्रदान किया। रामगुलाम ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपने देश के सर्वोच्च पुरस्कार 'द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' की घोषणा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोखूल से मुलाकात की और उन्हें महाकुंभ से गंगाजल भेंट किया। दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मंगलवार सुबह मॉरीशस पहुंचे मोदी ने गोखूल को कई अन्य उपहार भी दिए। राष्ट्रपति गोखूल से मुलाकात से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के अपने समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने सर शिवसागर रामगुलाम बॉटनिकल गार्डन में एक पौधा लगाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोर्ट लुईस में सर सीवूसागुर रामगुलाम बॉटनिकल गार्डन में पुष्पांजलि अर्पित की और बेल(वुड एप्पल) का पौधा लगाया। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम भी मौजूद रहे। 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत यह पौधारोपण किया गया। इससे पहले पीएम मोदी ने गुयाना, की अपनी यात्रा के दौरान भी इसी तरह की पहल की थी। पीएम मोदी के निरंतर प्रयासों के कारण इस पहल के परिणामस्वरूप भारत में 1 अरब से अधिक पेड़ लगाए गए हैं। इसका प्रभाव भारत के बाहर के देशों में भी फैला है। दुनिया भर के लगभग 136 देशों में कुल 27,500 से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं, जिनमें से दो देशों में प्रधानमंत्री ने खुद पौधरोपण किया।
मॉरीशस के पोर्ट लुइस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत बिहारी पारंपरिक गीत गावई से किया गया। गीत गावई एक पारंपरिक भोजपुरी संगीत समूह है, जो भारत के भोजपुरी क्षेत्र की महिलाओं द्वारा मॉरीशस में लाई गई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके सांस्कृतिक महत्व को मान्यता देते हुए गीत गावई को दिसंबर 2016 में यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोर्ट लुईस स्थित एक होटल में पहुंचे। भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया।