04:03 PM, 27-Mar-2026
रेलवे भूमि विकास पर बोले अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे भूमि विकास की प्रक्रिया को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने एक अत्यंत पारदर्शी तंत्र विकसित किया है। वैष्णव ने बताया कि रेलवे के पास 'रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी' नाम की एक संस्था काफी पहले से है, लेकिन यूपीए सरकार के दौरान पारदर्शिता की कमी के कारण इसके काम लगभग रुक गए थे। अब पूरी तरह से पारदर्शी और प्रामाणिक निविदा आधारित प्रक्रिया के माध्यम से रेलवे की जमीन का उपयोग व्यावसायिक और आवासीय विकास के लिए किया जा रहा है।
04:02 PM, 27-Mar-2026
रेलवे में अतिक्रमण रोकने के लिए नई तकनीक
नई दिल्ली में रेलवे की जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण के मामले में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि विभाग अब दो बुनियादी तकनीकों का उपयोग कर रहा है। इसमें सैटेलाइट और ड्रोन आधारित सर्वेक्षण शामिल हैं। इन तकनीकों से तैयार नक्शों की तुलना रेलवे नेटवर्क के पुराने नक्शों से की जाती है। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि एआई (AI) और अन्य एल्गोरिदम के जरिए नए अतिक्रमणों की पहचान कर तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं। इससे नए अतिक्रमण के मामलों में काफी कमी आई है, हालांकि दशकों पुराने अतिक्रमण अब भी एक बड़ी समस्या बने हुए हैं।
11:50 AM, 27-Mar-2026
झारखंड से निर्वाचित सांसद के सवाल पर स्पीकर बिरला ने टोका
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारत में उर्वरकों की आपूर्ति को लेकर जताई जा रही आशंकाओं का जिक्र करते हुए झारखंड की गोड्डा लोकसभा सीट से निर्वाचित भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सवाल किया। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें टोकते हुए कहा कि फिलहाल कोई संकट नहीं है और किसानों को उर्वरकों की जरूरत महीने-दो महीने बाद पड़ने वाली है।
11:25 AM, 27-Mar-2026
रसायन और उर्वरकों पर भी सवाल, जेपी नड्डा ने दिए जवाब
केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने उर्वरकों के लिए कच्चे माल के आयात से जुड़े सवालों पर जवाब दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सॉयल हेल्थ कार्ड जैसी पहल को रेखांकित करते हुए नड्डा ने बताया कि मिट्टी के लिए कौन सी खाद जरूरी है, इसकी जांच के बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बायोफर्टिलाइजर का इस्तेमाल करते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद प्रतिमा मंडल ने यूरिया को लेकर सवाल पूछा। इस पर नड्डा ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव, या सरकार की नीति नहीं है जिसके तहत यूरिया को एनबीए में शामिल किया जाए।
11:00 AM, 27-Mar-2026
Parliament Budget Session LIVE: लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू, राज्यसभा में सांसदों ने उठाए महत्वपूर्ण मुद्दे
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जेनेरिक दवाओं से जुड़े कई अहम सवाल पूछे गए। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने बताया कि सरकार हरसंभव उपाय कर रही है, जिससे डॉक्टर मरीजों के लिए जेनेरिक दवाएं लेने का सुझाव दें। उन्होंने 2014 से पहले देश में जनऔषधि केंद्रों की संख्या केवल 80 थी। अब ये संख्या बढ़कर 18 हजार से अधिक हो चुकी है। यहां आने वाले मरीजों को 2100 से अधिक दवाओं और सर्जिकल उत्पादों की खरीद पर छूट मिलती है। लोगों को 50 से 90 फीसदी तक डिस्काउंड मिलता है। कैंसर और मधुमेह जैसे गंभीर रोगों से पीड़ित लोगों को भी जरूरी दवाएं मुहैया कराई जा रही है। स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने बताया कि इन केंद्रों को लेकर केंद्र सरकार अपने प्रयासों को लेकर कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक देश की जनता के 38 हजार करोड़ रुपये से अधिक बचाए गए हैं।