चक्रवात अर्नब LIVE: आंध्र प्रदेश में तीन की मौत, ओडिशा के कई जिलों में अलर्ट; आंधी से उखड़े सैकड़ों पेड़-खंभे
Cyclone Arnab LIVE Updates: चक्रवाती तूफान अर्नब ने बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और पुडुचेरी के यानम के बीच तट पर दस्तक दी। इसके कारण तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। ओडिशा में भी चक्रवाती तूफान के चलते कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती तूफान अर्नब से जुड़े तमाम अपडेट्स यहां पढ़ें...
लाइव अपडेट
आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब के बीच समुद्र में फंसा सल्फर से लदा मालवाहक जहाज
आंध्र प्रदेश के अंतर्वेदी के पास समुद्र में सल्फर ले जा रहा एक मालवाहक जहाज रास्ते से भटकने के बाद उथले पानी में फंस गया। यह घटना चक्रवात अर्नब के बीच सामने आई है। बंदरगाह अधिकारियों के अनुसार, जहाज विशाखापत्तनम से रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि इंजन में खराबी आने के बाद जहाज अपना रास्ता भटक गया और अंततः अंतर्वेदी के पास समुद्र में फंस गया। बंदरगाह अधिकारी और समुद्री एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संबंधित अधिकारियों के निरीक्षण के बाद जहाज की स्थिति का आकलन किया जाएगा और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। एमएमडी सर्वेक्षक धर्मशास्ता ने यह जानकारी दी।चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा नुकसान, तीन लोगों की मौत
चक्रवात अर्नब का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश में देखने को मिला है। यहां तीन लोगों की मौत हो गई और 31 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एनडीआरएफ के महानिरीक्षक (आईजी) नरेंद्र सिंह बुंडेला ने यहां एक प्रेस वार्ता में बताया कि केंद्र के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा की आपदा प्रबंधन एवं बचाव टीमें अब दोनों राज्यों और आसपास के इलाकों में बारिश से निपटने की तैयारी कर रही हैं। इन क्षेत्रों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि चक्रवात ने पुडुचेरी के यानम के पास तट को पार किया है। इसके बाद यह बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान से कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। अनुमान है कि शाम तक इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी और यह पहले चक्रवाती तूफान तथा फिर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा।
बुंडेला ने कहा, "चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश के उत्तरी हिस्से और ओडिशा के दक्षिणी हिस्से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। दोनों राज्यों के कुछ जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।" उन्होंने कहा, "आंध्र प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। हमें जानकारी मिली है कि कई पेड़ उखड़ गए हैं, विभिन्न प्रकार के 31 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और तीन लोगों की मौत हो गई है।" बुंडेला ने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, ओडिशा में चक्रवात का कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
चक्रवात ‘अर्नब’ का झारखंड में असर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में बुधवार सुबह से बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तूफान के प्रभाव से राज्य के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। एहतियातन रांची और लोहरदगा जिले में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।रांची में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। आसमान में घने बादल छाए हैं और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह और बोकारो समेत राज्य के कई अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और बारिश होने की सूचना है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड की भौगोलिक स्थिति के कारण चक्रवात का असर सबसे पहले सिंहभूम क्षेत्र में दिखेगा। इसके बाद राज्य के दूसरे हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ओडिशा के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि तूफान के जमीन की ओर बढ़ने के दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। हवा के झोंकों की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। आईएमडी ने मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगड़ा, गजपति और कालाहांडी जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।#WATCH | Balasore, Odisha: High tidal waves and rough sea conditions witnessed at Udaypur beach along the coastal stretch of Bhograi block as cyclonic storm Arnab advances over the Bay of Bengal. https://t.co/5RJ4TdGF3o
— ANI (@ANI) October 28, 2026
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में स्थानीय स्तर पर भूस्खलन होने की आशंका है। मौसम विभाग ने संबंधित प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है। बारगढ़, सुबरनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बलांगीर, कंधमाल, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों में भी 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। 29 अक्टूबर के लिए सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बारगढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
चक्रवात कमजोर होकर गंभीर तूफान में बदला
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात अर्नब ने बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में रात दो बजे से सुबह आठ बजे के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार किया। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी। मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा, "संकेत मिलता है कि लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी हो गई है और तूफान का केंद्रीय हिस्सा पूरी तरह जमीन पर पहुंच गया है।" आईएमडी के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे यह सिस्टम कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। इस दौरान हवा की रफ्तार घटकर 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रह गई।अगले 48 घंटों में इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले छह घंटों में यह चक्रवाती तूफान में और उसके बाद छह घंटों के दौरान गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। आईएमडी के अनुसार, यह सिस्टम दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों से गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा में छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है। इसके बाहरी हिस्सों के प्रभाव से कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों में लगातार बारिश हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं।
ओडिशा में अलर्ट, 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब के लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ओडिशा सरकार ने बुधवार को 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राज्य के पूरे दक्षिणी हिस्से में हाई अलर्ट जारी है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने यह जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि चक्रवात से दक्षिणी ओडिशा के सभी जिलों के प्रभावित होने की आशंका है। इनमें मलकानगिरी पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है।पुजारी ने कहा, "चक्रवात फिलहाल आंध्र प्रदेश में है और दोपहर बाद ओडिशा पहुंचेगा।" उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव कर्मियों के साथ जरूरी उपकरण तैनात किए गए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और नबरंगपुर जिलों पर है। इन जिलों के निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।
चक्रवात के कारण उड़ानें भी प्रभावित
चक्रवात अर्नब के कारण विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और राजमुंदरी में उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं। कई विमानन कंपनियों ने उड़ानें रद्द कर दीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी। मंत्रालय ने विमानन कंपनियों को निर्देश दिया कि वे यात्रियों को उड़ान रद्द होने, देरी और लागू होने वाले रीबुकिंग तथा रिफंड विकल्पों की जानकारी दें।चक्रवात अर्नब: यानम में एनडीआरएफ ने हटाए गिरे पेड़ और मलबा
चक्रवात अर्नब के कारण तेज हवाओं से कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। घरों को भी नुकसान पहुंचा है और कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें पुडुचेरी के यानम में राहत और सफाई अभियान चला रही हैं। बचाव दल सड़कों और घरों पर गिरे पेड़ों तथा मलबे को हटाने में जुटे हैं।एनडीआरएफ के कमांडर ईश्वर राव गाडे ने बताया कि एक बड़ा बरगद का पेड़ घर पर गिर गया है। टीम उसे हटाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और टीम के पहुंचने से पहले ही घर के लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।
गाडे ने एएनआई से कहा, "कल रात आए तूफान के बाद बरगद का एक बड़ा पेड़ गिर गया है। हम उसे हटाने के लिए यहां आए हैं। हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिससे कई पेड़ गिर गए। इस घर समेत चार मकान प्रभावित हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम फिलहाल मलबा हटाने में जुटी है।"
आंध्र प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट
चक्रवात अर्नब के लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी रहने के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आंध्र प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन इलाकों में बेहद भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तूफान और तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी दी है।आईएमडी की वेबसाइट के अनुसार, रेड अलर्ट वाले जिलों में शामिल हैं: श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, अनकापल्ली, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी और एलुरु।
#WATCH | Machilipatnam, Andhra Pradesh: Strong gusty winds and heavy downpours trigger severe weather conditions across the region under the impact of cyclonic storm Arnab. https://t.co/lN5CUrv0lJ
— ANI (@ANI) October 28, 2026
आंध्र प्रदेश: मौसम विभाग ने कहा- शाम तक बनी रहेगी बारिश की तीव्रता
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में चक्रवाती तूफान अर्नब के लैंडफॉल को लेकर मौसम विभाग के निदेशक पीवीएन मूर्ति ने कहा, "बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब इस समय नरसापुर और यानम के बीच तट पर स्थित है। यह फिलहाल तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बहुत धीरे आगे बढ़ रहा है। लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और तूफान का केंद्र तट को छू चुका है। लैंडफॉल की पूरी प्रक्रिया पूरी होने में अगले एक से दो घंटे या दो से तीन घंटे लग सकते हैं।"उन्होंने कहा, "लैंडफॉल के बाद चक्रवात के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की आशंका है। इसके प्रभाव से, जैसा कि हमने अनुमान लगाया था, इस समय 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। लैंडफॉल के बाद हवाओं की रफ्तार धीरे-धीरे कम होगी। बारिश की मौजूदा तीव्रता आज शाम तक बनी रहेगी। शाम से बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी। इसी के साथ हवा की रफ्तार भी धीरे-धीरे घटेगी।"