11:03 PM, 07-May-2021
कोविड का इलाज करने वाले चिकित्सा संस्थानों को वित्त मंत्रालय ने दी राहत
वित्त मंत्रालय ने कोविड-19 का इलाज उपलब्ध कराने वाले अस्पतालों, डिस्पेंसरी, नर्सिंग होम, कोविड केयर सेंटर और ऐसे अन्य चिकित्सा संस्थानों के लिए बड़ा फैसला किया है। इसके तहत इन संस्थानों को आयकर अधिनियम के सेक्शन 269एसटी के लिए राहत दी है। यह फैसला इन संस्थानों को एक अप्रैल 2021 से 31 मई 2021 तक प्राप्त होने वाले नकद भुगतान पर लागू होगा। आयकर अधिनियम की यह धारा किसी को दो लाख रुपये और इससे अधिक का नकद भुगतान लेने से रोकती है।
10:33 PM, 07-May-2021
भारत के साथ खड़ा है अमेरिका: कमला हैरिस
अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने शुक्रवार को कहा कि भारत में कोविड संक्रमण के मामलों और मृत्यु में वृद्धि दिल तोड़ने वाला है। मेरी संवेदनाएं इस महामारी के चलते जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने 26 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी से बात की थी और मदद की पेशकश की थी। उन्होंने कहा कि हम दोबारा भरे जा सकने वाले ऑक्सीजन सिलिंडर भेज चुके हैं। हमने ऑक्सीजन कन्संट्रेटर भेजे हैं। हमने एन-95 मास्क भेजे हैं। हमने रेमडेसिविर इंजेक्शन भेजे हैं। हैरिस ने कहा कि अभी और सामग्री भी भेजी जाएगी। हैरिस ने कहा कि महामारी की शुरुआत में जब अमेरिका की स्थिति खराब थी तब भारत ने मदद भेजी थी। अज हम जरूरत के समय में भारत की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
10:28 PM, 07-May-2021
हरियाणा: 13867 नए मामले, 14584 ठीक हुए
हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,867 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 13,584 मरीज ठीक हुए और 162 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या पांच लाख 87 हजार 682 हो गई है। इनमें से चार लाख 66 हजार 420 लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख 15 हजार 963 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कोरोना के चलते 5299 लोगों की जान जा चुकी है।
09:53 PM, 07-May-2021
पंजाब: 24 घंटों में 8367 नए मामले, 165 की मौत
पंजाब में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 8367 नए मामले सामने आए,4976 ठीक हुए और 165 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या चार लाख 24 हजार 647 हो गई है। इनमें से तीन लाख 44 हजार 779 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 10,144 की मौत हो चुकी है और सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब 69,724 पर पहुंच गया है।
09:47 PM, 07-May-2021
छत्तीसगढ़: 13628 नए मामले, 208 की मौत
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना सक्रमण के 13,628 नए मामले दर्ज किए गए, 414 मरीज ठीक हुए और 208 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या आठ लाख 30 हजार 117 हो गई है। इनमें से एक लाख 31 हजार 41 सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना के चलते अब तक 10,158 लोगों की जान जा चुकी है।
09:30 PM, 07-May-2021
आठ मई को 100 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर भेजेगा जापान
जापान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि आठ मई को 100 ऑक्सीजन कंन्संट्रेटर भारत भेजे जाएंगे। मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से निपटने के लिए भारत को जापान की ओर से आपात मदद के पहले बैच का हिस्सा होगा। जापान ने 30 अप्रैल को इस मदद की घोषणा की थी। जापान भारत को 300 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर और 300 वेंटिलेटर भेजेगा।
09:25 PM, 07-May-2021
मुंबई: अस्पताल में आग के मामले में दो गिरफ्तार
25 मार्च को भांडुप पुलिस थाना इलाके के एक निजी अस्पताल में आग लगने की घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच में पाया गया है कि उन्होंने सुरक्षा के लिए फर्जी दस्तावेज जमा किए थे। मुंबई पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी एस चैतन्य ने बताया कि दोनों को 10 मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
09:09 PM, 07-May-2021
महाराष्ट्र: 54022 नए मामले, 898 की मौत
देश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 54,022 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इस अवधि में 37,386 कोरोना संक्रमित ठीक हुए और 898 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 49 लाख 96 हजार 758 हो गई है। इनमें से 42 लाख 65 हजार 326 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, छह लाख 54 हजार 788 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना के चलते कुल 74,413 लोगों की जान जा चुकी है।
08:42 PM, 07-May-2021
ओडिशा: नौसेना ने स्थापित किया 150 बेड का कोविड केयर सेंटर
ओडिशा के खुर्दा जिले में भारतीय नौसेना ने अपने प्रशिक्षण संस्थान आईएनएस चिलका में एक 150 बिस्तरों वाला कोविड केयर सेंटर स्थापित किया है। आईएनएचएस निवारिणी में मौजूद 15 ऑक्सीजन की अतिरिक्त सुविधा के साथ इस अस्पताल में कोविड-19 के हल्के लक्षण वाले मरीजों का इलाज किया जाएगा।
08:33 PM, 07-May-2021
बंगाल: 19216 नए मामले, 112 की मौत
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 19,216 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में 17,780 लोग ठीक हुए और 112 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या नौ लाख 54 हजार 282 हो गई है। इनमें से एक लाख 24 हजार 98 सक्रिय मामले हैं।