मुश्किल नहीं है सर्दी को मात देना, रूटीन में ये टिप्स अपनाएं, स्वस्थ रहें हमेशा
बदलते मौसम में सर्दी को मात देगा बिल्कुल भी मुश्किल नहीं है। अगर रूटीन में ये टिप्स अपना लें तो सर्दी खुशनुमा हो जाएगी और आप हमेशा स्वस्थ रहेंगे। नेचुरोपैथ, डॉ. राजेश मिश्रा बताते हैं सर्दियों को खुशनुमा बनाने और खुद को फिट रखने के लिए जरूरी है कि दिन की शुरुआत अच्छी हो। सुबह-सुबह गुनगुने पानी में नींबू और शहद मिलाकर पिएं। शहद से शरीर में गर्माहट बनी रहती है। चाय अदरक, तुलसी, लौंग आदि मिक्स करके बनाएं।
अब बारी है नहाने की। नहाने से पहले शरीर पर तिल के तेल की मालिश इन दिनों अवश्य करें। तेल लगाने के बाद हल्के गुनगुने पानी से स्नान करें। शरीर को वॉर्मअप करने के लिए सूर्य नमस्कार और जॉगिंग वगैरह करें।
पढ़ें: सुबह उठते ही करें ये एक्सरसाइज, डिप्रेशन होगा दूर- नहीं होगी थकान
अब बात करते हैं नाश्ते की। नाश्ते में अंकुरित अनाज के साथ नट्स (दो-चार बादाम, दो अखरोट ) आदि लिए जा सकते हैं। इसके साथ एक गिलास दूध लें। कफ की समस्या है, तो दूध में शक्कर और हल्दी पाउडर मिलाएं।
खजूर, अंजीर, मुनक्का, छुहारे आदि का सेवन भी आपके लिए फायदेमंद रहेगा। दोपहर के खाने में दाल के साथ बथुआ, सोया समेत अन्य सब्जियों को शामिल करें। अगर बाजरे का आटा उपलब्ध है, तो सर्दियों में इसका भी इस्तेमाल करें। गाजर और अदरक का सेवन किसी-न-किसी रूप में जरूर करें।
अपनाएं ये टिप्स
इम्यूनिटी बढ़ाने वाले अन्य खाद्य पदार्थों का भी सेवन करें, जैसे लहसुन, अदरक और तुलसी। इन्हें किसी-न-किसी रूप में जरूर लें, क्योंकि ये रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने का काम करते हैं। तुलसी की पत्तियों में कीटाणुओं को मारने की क्षमता होती हैं और अदरक गले की खराश को शीघ्र ठीक करता है।
इसलिए बदलते मौसम में सुबह खाली पेट दो-चार तुलसी की पत्तियां चबाएं या फिर काढ़ा बनाकर पिएं। इसके अलावा विटामिन-सी युक्त मौसमी फल और सब्जियां भी आपके लिए फायदेमंद रहेंगी। शरीर को गर्मी देने के लिए तिल को दैनिक आहार में शामिल करें।
शाम के वक्त चाय की जगह आप तुलसी, अदरक और गिलोय का काढ़ा लें। इसमें पसंद के हिसाब से लौंग, इलायची, अदरक आदि मिलाएं। इसके साथ भुने हुए मखाने का सेवन करें। सर्दियों के लिए सूप भी अच्छा विकल्प है। रात के खाने में दाल को छोड़कर अन्य हरी या मौसमी सब्जियों को शामिल किया जा सकता है।
रात को सोते समय एक कप दूध में चुटकी भर हल्दी डालकर पीने से भी वायरल फीवर में आराम मिलता है। और हां, इन दिनों धूप का सेवन जरूर करें। इस तरह छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप सर्दी को एन्जॉय कर सकती हैं।