बच्चे यदि नहीं खाते हैं फली की सब्जी तो बनाएं इस तरह
पनीर के साथ फली की सब्जी, सुनने में अटपटा लग सकता है लेकिन इसका स्वाद लाजवाब होता है और सबसे महत्वपूर्ण घर पर बच्चे भी इसे चाव से खाते हैं। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है।
विस्तार
चौला फली की सब्जी अक्सर घरों में लाई जाती है और बच्चे इसे खाने में नाटक करते हैं क्योंकि इसका स्वाद उन्हें पसंद नहीं आता लेकिन यदि इसे सामान्य तरीके से न बनाकर कुछ अलग किया जाए तो इसका स्वाद अलग हो सकता है। इस बार घर पर ट्राय करें पनीर के साथ फली की सब्जी। यह बच्चों को खूब पसंद आएगी। जानिए किस तरह पनीर के साथ बनाई जा सकती है फली की सब्जी।
सामग्री-
चौला फली- 200 ग्राम, पनीर- 200 ग्राम, अदरक- 1 छोटा चम्मच बारीक कटी हुई, हरी मिर्च- 1 छोटा चम्मच बारीक कटी हुई, नमक, जीरा- 1 छोटा चम्मच, हींग- चुटकी भर, हल्दी- छोटा चम्मच, पिसा धनिया- 1 बड़ा चम्मच, अमचूर पाउडर- छोटा चम्मच, गरम मसाला- छोटा चम्मच, तेल- 1 बड़ा चम्मच।
विधि-
कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा तड़काएं। फिर अदरक, हरी मिर्च और हींग डालें। अदरक भुन जाए, तो इसमें चौला फली, नमक और हल्दी डालकर मिलाएं। फली पकने तक इसे ढंककर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें। इस बीच पनीर को मनचाहे आकार में काट लें। जब फली पक जाए तो पनीर के टुकड़े और सभी मसाले मिलाकर दो मिनट तक धीमी आंच पर भूनें। पनीर चौला फली तैयार है।