रोज जा रही है कैंसर से 1300 लोगों की जान, पढ़िए पूरी रिपोर्ट
देश में प्रतिदिन 1300 से अधिक लोग कैंसर से जान गंवा रहे हैं। टीबी (क्षय रोग) के बाद संक्रामक और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के कारण होने वाली मौतों का यह एक प्रमुख कारण बन गया है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद् (आईसीएमआर) के नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2012 से 2014 के बीच कैंसर से होने वाली मृत्यु दर में छह फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि वर्ष 2014 में देश में कैंसर से करीब 5 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। वर्ष 2014 में कैंसर के 28.20 लाख मामलों में 4.91 लाख लोगों की मौत हो गई जबकि 2013 में 29.34 लाख कैंसर पीड़ितों में 4.78 लाख लोगों की मौत हुई।
लगातार बढ़ रहा है कैंसर
वर्ष 2012 में कैंसर के कारण 4.65 लाख लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि बुजुर्गों की बढ़ती जनसंख्या, अस्वस्थ जीवनशैली, तंबाकू और तंबाकू उत्पादों का बढ़ता प्रयोग, अस्वस्थ भोजन, बीमारी का पता लगाने की सुविधाओं में कमी और अन्य कारणों से कैंसर से होने वाली मौत की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
सरकार ने वर्ष 2013-14 में कैंसर के लिए विशेष परामर्श देखभाल को बढ़ावा देने के लिए एक योजना का मंजूरी दी थी। जनवरी 2014 में सुविधाओं में वृद्घि के लिए राज्यों को दिशा निर्देश जारी किया गया था।