UP Police Constable: बस में फ्री यात्रा करने से पहले रखें इन बातों का ख्याल; जानें कैसे लेना है सुविधा का लाभ
UP Police Constable: यूपी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए शासन ने बस में फ्री में यात्रा करने की सुविधा दी है। हालांकि, इस सेवा का लाभ उठाने के लिए कुछ बातों का ख्याल रखना होगा।
विस्तार
UP Police Free Bus Service: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा कल, 23 अगस्त से आयोजित होने जा रही है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सरकार ने फ्री बस सेवा का इंतजाम भी किया है। शासन के निर्देश पर रोडवेज के अफसरों ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी, ताकी भीड़ के कारण किसी तरह की असुविधा न हो। यहां आप जान सकते हैं कि कैसे फ्री बस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है।
सरकार ने राज्य परिवहन निगम की सभी कैटेगरी की बसों में अभ्यर्थियों को फ्री (Free Bus for UPP Exam) में यात्रा करने की छूट दी है। परिवहन निगम को फेरे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं, साथ ही 200 बसों को रिजर्व भी रखा गया है। फ्री बस सेवा का लाभ उठाने के लिए कुछ बातों का ख्याल रखना बेहद जरूरी है।
कब से कब तक मिलेगी फ्री बस सेवा?
परिवहन विभाग के अनुसार, 21 अगस्त की रात 12 बजे से यह फ्री बस सेवा शुरू कर दी गई है, जो 22, 23, 24, 25 व 26 अगस्त तक चलती रहेगी। दूसरे चरण में यह सेवा 28 अगस्त की रात 12 बजे से शुरू होगी जो एक सितंबर तक चलेगी।
ऐसे मिलेगा फ्री बस सेवा का लाभ
यूपी में फ्री बस सेवा का लाभ उठाने के लिए यहां बताई बात का ख्याल रखें। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एडमिट कार्ड अवश्य डाउनलोड कर लें। उम्मीदवार ध्यान दें, उन्हें एडमिट कार्ड की दो एक्स्ट्रा कॉपी (कुल तीन कॉपी) अपने साथ रखनी चाहिए। यात्रा के दौरान उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड की एक फोटोकॉपी आने और जाने के लिए परिचालक को देनी होगी।
स्पेशल ट्रेनें भी चलाई गईं
इसके साथ ही रेलवे ने भी यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के मद्देनजर कई स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। उम्मीदवार इस संबंध में अधिक जानकारी नजदीकी रेलवे स्टेशन से भी ले सकते हैं।