एसएससी: सीजीएल टियर-1 के लिए इस केंद्र पर बदला परीक्षा का समय, उम्मीदवार देखें नोटिस; जानें क्या है अपडेट
कर्मचारी चयन आयोग ने सीजीएस टियर-1 परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले कुछ उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया गया है। आयोग ने एक केंद्र के लिए परीक्षा समय में बदलाव किया है।
विस्तार
एसएससी सीजीएल टियर-1 परीक्षा 2026 को लेकर कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। चुराचांदपुर, मणिपुर से परीक्षा देने का विकल्प चुनने वाले उम्मीदवारों के परीक्षा समय में बदलाव किया गया है।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़े अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ‘Candidate’s Login’ के माध्यम से जानकारी देखें। परीक्षा के संशोधित समय और अन्य जरूरी विवरण वहीं उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने से पहले अपनी लॉगिन प्रोफाइल और संबंधित क्षेत्रीय वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी जरूर जांच लें।
किस दिन होगी परीक्षा?
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल) 2026 के टियर-1 की परीक्षा 30 सितंबर से शुरू होगी। परीक्षा अलग-अलग तिथियों पर 30 अक्तूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 12,256 पदों को भरा जाना है। परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब 30.94 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
क्या है परीक्षा पैटर्न?
एसएससी सीजीए टियर-1 परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन से होंगे। प्रत्येक सेक्शन में 25 प्रश्न और 50 अंक निर्धारित हैं। इस तरह पूरा पेपर 200 अंकों का होगा। परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को 60 मिनट का समय मिलेगा।
रिवीजन और सटीकता पर दें ध्यान
परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। इसलिए केवल तेजी से प्रश्न हल करना ही नहीं, बल्कि सही उत्तर देना भी जरूरी है। उम्मीदवारों को अपनी मजबूत और कमजोर विषयों की पहचान कर पहले से पढ़े गए टॉपिक्स का रिवीजन करना चाहिए। जिन अध्यायों में बार-बार गलतियां होती हैं, उन पर विशेष ध्यान दें। साथ ही सभी जरूरी फॉर्मूले, नियम और शॉर्ट नोट्स एक जगह तैयार रखें, ताकि परीक्षा से पहले उनका जल्दी और प्रभावी तरीके से दोहराव किया जा सके।