10वीं-12वीं पास के लिए मौका: दक्षिणी रेलवे में स्काउट्स एंड गाइड्स कोटे से भर्ती, इस तारीख से भरें फॉर्म
दक्षिणी रेलवे ने स्काउट्स एंड गाइड्स कोटे के तहत 17 पदों पर भर्ती निकाली है। 10वीं और 12वीं पास योग्य उम्मीदवार 19 सितंबर से 18 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC), दक्षिणी रेलवे, चेन्नई ने स्काउट्स एंड गाइड्स कोटा के तहत भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के जरिए दक्षिणी रेलवे और इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में 7वें वेतन आयोग के लेवल-1 और लेवल-2 के कुल 17 पद भरे जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन 19 सितंबर 2026 सुबह 9 बजे से शुरू होंगे और 18 अक्तूबर 2026 रात 11:59 बजे तक किए जा सकेंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rrcmas.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
क्या है आवेदन के लिए योग्यता?
लेवल-2 के पदों के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50% अंकों के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। एससी, एसटी और पूर्व सैनिकों के लिए 50% अंक अनिवार्य नहीं हैं। तकनीशियन पदों के लिए मैट्रिक के साथ अप्रेंटिसशिप या एनसीवीटी से मान्यता प्राप्त आईटीआई भी मान्य है।
लेवल-1 के लिए उम्मीदवार 10वीं पास होना चाहिए। इसके अलावा आईटीआई, एनसीवीटी का नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (NAC), 10वीं के साथ NAC या 10वीं के साथ आईटीआई की योग्यता वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
स्काउट्स एंड गाइड्स की जरूरी शर्तें
- उम्मीदवार के पास राष्ट्रपति का स्काउट/गाइड/रोवर/रेंजर पुरस्कार या हिमालयन वुड बैज (HWB) होना चाहिए।
- उम्मीदवार 2021-22 से 2025-26 तक स्काउट्स संगठन का सक्रिय सदस्य रहा हो और 2026-27 में भी सक्रिय हो।
- सक्रियता का प्रमाणपत्र अनुलग्नक-ए के निर्धारित प्रारूप में देना होगा।
- राष्ट्रीय/अखिल भारतीय रेलवे स्तर के 2 और राज्य स्तर के 2 कार्यक्रमों में भाग लेना जरूरी है।
- कार्यक्रमों में भागीदारी का विवरण अनुलग्नक-बी के प्रारूप में देना होगा।
- लेवल-2: सामान्य वर्ग के लिए 18 से 30 वर्ष, ओबीसी के लिए 18 से 33 वर्ष और एससी/एसटी के लिए 18 से 35 वर्ष।
- लेवल-1: सामान्य वर्ग के लिए 18 से 33 वर्ष, ओबीसी के लिए 18 से 36 वर्ष और एससी/एसटी के लिए 18 से 38 वर्ष।
इतना लगेगा शुल्क?
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए शुल्क 500 रुपये है, जिसमें से परीक्षा में शामिल होने पर 400 रुपये (बैंक शुल्क सहित) वापस किए जाएंगे। वहीं, एससी, एसटी, पूर्व सैनिक, दिव्यांग, महिला, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये है, जो परीक्षा में शामिल होने पर पूरा वापस कर दिया जाएगा।कैसे करें आवेदन?
- आरआरसी चेन्नई की आधिकारिक वेबसाइट rrcmas.in पर जाएं।
- वैध ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें।
- लेवल-2 या लेवल-1 का चयन कर व्यक्तिगत, शैक्षणिक और स्काउटिंग से जुड़ी जानकारी भरें।
- प्रश्नपत्र की भाषा हिंदी या अंग्रेजी में चुनें।
- स्काउट/गाइड की वर्दी में फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- शुल्क वापसी के लिए बैंक खाते की जानकारी दर्ज करें।
- आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें।