Punjab Police Constable: पंजाब पुलिस कांस्टेबल की उत्तर कुंजी के खिलाफ दर्ज करें चुनौती, कल शाम बंद होगी विंडो
Punjab Police Constable Answer Key 2025: पंजाब पुलिस ने कांस्टेबल भर्ती की उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। अब उम्मीदवार 23 जून 2025 शाम 7 बजे तक आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
विस्तार
Punjab Constable Objection Window: पंजाब पुलिस ने कांस्टेबल भर्ती 2025 के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने 4 मई से 8 जून 2025 के बीच परीक्षा दी थी, वे आधिकारिक वेबसाइट punjabpolice.gov.in पर लॉग-इन कर अपने उत्तर देख सकते हैं। आपत्ति दर्ज कराने की आखिरी तारीख 23 जून 2025, शाम 7 बजे तय की गई है।
आगे की चयन प्रक्रिया
पंजाब पुलिस कांस्टेबल भर्ती में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के बाद उम्मीदवारों को फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST), फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) से गुजरना होगा। ये सभी चरण केवल क्वालिफाइंग प्रकृति के होंगे, यानी इनका उद्देश्य उम्मीदवार की न्यूनतम योग्यता की जांच करना है। इन टेस्ट में उम्मीदवार को सिर्फ पास होना जरूरी होगा, क्योंकि इनका मेरिट सूची में कोई अंक नहीं जोड़ा जाएगा। इन चरणों के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
रिक्तियां, योग्यता और आयु सीमा
पंजाब पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के तहत कुल 1,746 पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना आवश्यक है और उसकी शैक्षणिक योग्यता कम से कम 10+2 या समकक्ष होनी चाहिए। साथ ही, मैट्रिक स्तर तक पंजाबी विषय पढ़ा होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए, हालांकि आरक्षित वर्गों को सरकार के नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।
शारीरिक मापदंड के अनुसार, पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 5 फीट 7 इंच (170.2 सेमी) और महिला उम्मीदवारों की 5 फीट 2 इंच (157.5 सेमी) होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती पंजाब राज्य में कहीं भी और कुछ विशेष परिस्थितियों में विदेशों में भी की जा सकती है।
आसान तरीके से कैसे करें आंसर की डाउनलोड और आपत्ति दर्ज
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट punjabpolice.gov.in पर जाएं।
- मेन्यू में “Recruitment” सेक्शन पर जाएं।
- अब “Constable 2025 – District & Armed Police Cadre” लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद CBT Answer Key पर क्लिक करके लॉग-इन करें (रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से)।
- अपनी उत्तर कुंजी देखें और जांचें।
- अगर कोई उत्तर गलत लगे तो ‘Raise Objection’ पर जाएं।
- जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें, फीस जमा करें और सबमिट करें।