डीएसएसएसबी भर्ती 2020 : दिल्ली पोस्ट ग्रेजुएट टीचर भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित
दिल्ली अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड ने दिल्ली सरकार के विभिन्न विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए दिल्ली पोस्ट ग्रेजुएट टीचर भर्ती 2020 की परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है।
विस्तार
राष्ट्रीय राजधानी में सरकारी नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के नौकरी पाने का इंतजार अब खत्म होने को है। डीएसएसएसबी यानी दिल्ली अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड ने दिल्ली सरकार के विभिन्न विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए दिल्ली पोस्ट ग्रेजुएट टीचर भर्ती 2020 की परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है।
डीएसएसएसबी द्वारा एक अधिसूचना जारी कर परीक्षा की तारीखों की घोषणा की गई है। इस अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली पोस्ट ग्रेजुएट टीचर भर्ती परीक्षा 08 जून, 2021 से 20 जून, 2021 के बीच आयोजित की जानी है। इस भर्ती के तहत कुल 710 पदों पर भर्तियां की जानी हैं।
डीएसएसएसबी भर्ती 2021 : मई में होने वाली परीक्षाएं अगले आदेश तक टाली गईं
दिल्ली सब ऑर्डिनेट सर्विस सिलेक्शन बोर्ड की पीजीटी भर्ती 2020 के तहत पिछले साल परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी देख सकते हैं। गौरतलब है कि इस परीक्षा के लिए आधिकारिक अधिसूचना वेबसाइट पर 03 जनवरी 2021 को जारी की गई थी। जबकि आवेदन की प्रक्रिया और फीस जमा करने की आखिरी तारीख 22 फरवरी, 2020 थी।
परीक्षा का आयोजन भी पिछले साल ही होना था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण लगाए गए देशव्यापी लॉकडाउन के चलते यह परीक्षा स्थगित करनी पड़ी थी। अब दिल्ली सब ऑर्डिनेट सर्विस सिलेक्शन बोर्ड की ओर से परीक्षाओं की नई तारीखों को एलान कर दिया गया है। परीक्षाएं ऑनलाइन सीबीटी यानी कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएंगी। पीजीटी भर्ती परीक्षाओं का आयोजन क्रमश: 8,11,12, 15, 16, 17, 18, 19, 20 जून, 2021 को किया जाएगा।
इसके उलट, डीएसएसएसबी यानी दिल्ली अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड ने दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए मई आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं को टाल दिया है। दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड ने मौजूदा कोविड महामारी के संक्रमण की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय किया है। 2021 की डीएसएसएसबी भर्ती परीक्षा 12 मई से 27 मई, 2021 तक निर्धारित थी।
दिल्ली अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड ने भर्ती परीक्षा 2021 के स्थगन की आधिकारिक सूचना में लिखा है, प्रशासनिक आपात स्थिति आदेश के मद्देनजर, 12 मई से 27 मई, 2021 तक निर्धारित पोस्ट कोड 37/20, 06/20, 03/20, 07/20 और 40/20 के तहत सभी ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित की जाती हैं।