बिहार दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द: 27 मई को हुआ था आयोजन, नई तारीख पर आयोग ने क्या कहा?
Bihar Police SI Exam 2026 Cancelled: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है। 27 मई 2026 को दो पालियों में होने वाली परीक्षा अपरिहार्य कारणों से रद्द की गई है। जानें नई तारीख पर आयोग ने क्या कहा...
विस्तार
Bihar Police SI Exam 2026 Cancelled: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने विज्ञापन संख्या-05/2025 के तहत आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मुख्य परीक्षा 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की गई थी, जिसे अपरिहार्य कारणों के चलते रद्द कर दिया गया है।
परीक्षा की नई तारीख कब आएगी?
- परीक्षा रद्द करने की सूचना में नई तारीख का एलान नहीं किया गया है।
- आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य लिखित परीक्षा की नई तारीख के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी।
- अभ्यर्थियों को नई तारीख के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी होगी।
अभ्यर्थियों को आयोग ने क्या सलाह दी?
आयोग ने अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचनाओं के लिए उसकी वेबसाइट देखने की सलाह दी है। साथ ही, असामाजिक तत्वों की ओर से फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों पर ध्यान नहीं देने को कहा है। आयोग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि आधिकारिक सूचनाओं के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को ही देखें।

दलालों से भी सावधान रहने की अपील
आयोग ने अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की सलाह दी है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या ऐसी स्थिति सामने आने पर पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया है।
बिहार एसआई की प्रारंभिक परीक्षा कब हुई थी?
बिहार पुलिस के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) में पुलिस अवर निरीक्षक (SI/दारोगा) के 1,799 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 18 और 21 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा दो-दो पालियों में हुई थी।
- 10,36,702 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा के लिए पंजीकृत थे।
- 7,26,231 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए।
- 35,857 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया।
बिहार एसआई की मुख्य परीक्षा में कितने अभ्यर्थी शामिल हुए?
मुख्य लिखित परीक्षा 27 मई 2026 को हुई। यह दो पालियों में आयोजित की गई थी। पहली पाली में सामान्य हिंदी और दूसरी पाली में सामान्य अध्ययन का पेपर था।
- मुख्य परीक्षा के लिए 35,857 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे।
- करीब 34 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
मुख्य परीक्षा के बाद अगला चरण क्या?
मुख्य परीक्षा का परिणाम 19 जून 2026 को जारी हुआ था। इसमें 10,759 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए सफल घोषित किया गया था। इसके बाद प्रक्रिया में मुख्य रूप से ये चरण शामिल हैं:
- शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET)
- शारीरिक माप परीक्षण (PST)
- दस्तावेज सत्यापन
- इसके बाद अंतिम चयन
शारीरिक दक्षता/योग्यता परीक्षा का आयोजन सितंबर/अक्तूबर 2026 में किया जाना निर्धारित था। इसके लिए प्रवेश पत्र 8 सितंबर से उपलब्ध कराया जाना था। बाद में आयोग ने 28 अगस्त के नोटिस में पीईटी परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना दी। अब मुख्य परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।