झारखंड: मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी की गला रेतकर हत्या, सड़क किनारे खून से लथपथ मिला शव, इलाके में सनसनी
साहिबगंज के राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास रविवार सुबह 55 वर्षीय किराना व्यवसायी और अमीन गौर चंद्र बगती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह सुबह की सैर के लिए घर से निकले थे। उधवा-बरहरवा मुख्य मार्ग पर उनका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
विस्तार
राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास रविवार सुबह एक 55 वर्षीय किराना व्यवसायी और अमीन की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गौर चंद्र बगती के रूप में हुई है। वह सुबह की सैर के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद उधवा-बरहरवा मुख्य मार्ग पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सुबह की सैर के दौरान किया गया हमला
परिजनों के मुताबिक गौर चंद्र बगती रविवार तड़के घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के पास मुख्य सड़क पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत परिवार और राधानगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
हत्या की सूचना मिलते ही राजमहल अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी, निरीक्षक राजीव रंजन और राधानगर थाना के उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।
किराना दुकान चलाने के साथ अमीन का काम करते थे
स्थानीय लोगों के अनुसार गौर चंद्र बगती मोहनपुर चौक के पास किराना दुकान चलाते थे। इसके अलावा वह अमीन के रूप में जमीन की पैमाइश का काम भी करते थे। इन्हीं दोनों कामों से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई हत्या से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।
हत्या की वजह और हमलावरों की तलाश
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गौर चंद्र बगती की हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कौन लोग शामिल थे। राजमहल अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।