{"_id":"6a19120f0ef2313a59070524","slug":"jharkhands-weather-rivals-shimla-and-manali-with-rain-and-cool-winds-enhancing-its-beauty-ranchi-news-c-1-1-noi1475-4334969-2026-05-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jharkhand Weather: शिमला-मनाली को टक्कर दे रहा झारखंड का मौसम, बारिश और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सूबे की खूबसूरती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jharkhand Weather: शिमला-मनाली को टक्कर दे रहा झारखंड का मौसम, बारिश और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सूबे की खूबसूरती
Fri, 29 May 2026 10:32 AM IST
राँची ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: राँची ब्यूरो
Updated Fri, 29 May 2026 10:32 AM IST
सार
Jharkhand Weather: झारखंड में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश व ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। रांची समेत कई जिलों में सुहाना मौसम देखने को मिला। वहीं मौसम विभाग ने तेज हवा, बारिश और वज्रपात को लेकर कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन
प्रतिकात्मक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
भीषण गर्मी और उमस से परेशान झारखंडवासियों को शुक्रवार सुबह बड़ी राहत मिली। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। तेज और ठंडी हवाओं के साथ हुई रिमझिम बारिश ने राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों का मौसम पूरी तरह सुहाना बना दिया। आसमान में छाए बादलों और हल्की फुहारों ने लोगों को शिमला-मनाली जैसी ठंडक का एहसास कराया। लंबे समय से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल लोग इस खुशनुमा मौसम का जमकर आनंद लेते नजर आए।
विज्ञापन
बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट
सुबह करीब आठ बजे के बाद कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सड़कों, पार्कों और बाजारों में लोगों के चेहरे पर राहत साफ दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मौसम के इस बदले मिजाज का आनंद लिया। कई लोग घरों की छतों और बालकनियों में खड़े होकर बारिश का आनंद लेते दिखे, जबकि कुछ लोग गर्म चाय और पकौड़ों के साथ मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए।
विज्ञापन
कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
इधर, मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 29 और 30 मई को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक, बारिश और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन
मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: राज्यसभा की चुनाव में कौन मारेगा बाजी? दो सीटों को लेकर सियासत तेज, चार वोट की जुगाड़ में भाजपा
प्रशासन भी अलर्ट मोड में
प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। मौसम में अचानक हुए बदलाव को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।