धनबाद में एटीएम ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार; दुकानों में की हजारों की खरीदारी
धनबाद पुलिस ने एटीएम में मदद करने के बहाने लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, वे एटीएम में कार्ड फंसने पर मदद का नाटक कर लोगों का गोपनीय पिन देख लेते थे और फर्जी हेल्पलाइन नंबर के बहाने उन्हें उलझाकर कार्ड गायब कर देते थे।
विस्तार
धनबाद में एटीएम में मदद करने के बहाने लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के नवादा जिले के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एटीएम में कार्ड फंसने का झांसा देकर लोगों का गोपनीय पिन देखने, उन्हें फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए उलझाने और फिर एटीएम कार्ड से नकदी निकालने व खरीदारी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के लखमोहना गांव निवासी 26 वर्षीय नीतीश कुमार और नवादा नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया निवासी 24 वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
फर्जी हेल्पलाइन नंबर के बहाने करते थे ठगी
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी एटीएम में कार्ड फंसने पर लोगों की मदद करने का नाटक करते थे। इस दौरान वे एटीएम स्क्रीन पर पिन डालते समय गोपनीय कोड देख लेते थे। इसके बाद पीड़ित को फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने के बहाने दूसरी जगह भेजकर उलझा देते थे। इसी बीच वे उसका एटीएम कार्ड गायब कर देते थे। कार्ड हाथ लगने के बाद आरोपी तुरंत बैंक खाते से नकदी निकालने या अलग-अलग दुकानों में जाकर खरीदारी करने लगते थे। इस मामले में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय भी मौजूद थे।
एटीएम से 15 हजार रुपये निकले, ज्वेलर्स और बाटा में खरीदारी
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे सिटी सेंटर के पास गश्त के दौरान दो संदिग्धों के पकड़े जाने की सूचना मिली। इसके बाद धनबाद थाना की गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में उनका कार्ड फंस गया था। इसी दौरान पीछे खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें पिन डालने का सुझाव दिया और गोपनीय कोड देख लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें गलत हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने के बहाने दूसरी जगह भेज दिया और उनका एटीएम कार्ड गायब कर दिया। कुछ ही समय बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर बैंक खाते से 15,000 रुपये कटने का संदेश आया। इसके बाद रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये और बाटा इंडिया की दुकान से 2,000 रुपये की खरीदारी के संदेश भी मिले।
बाटा की दुकान से थैला लेकर जाते समय पकड़े गए आरोपी
खाते से रुपये निकलने और खरीदारी के संदेश मिलने के बाद शिकायतकर्ता और उनके साथियों को संदेह हुआ। उन्होंने दोनों संदिग्धों को बाटा की दुकान से थैला लेकर एक्सिस बैंक के एटीएम की ओर जाते देखा। इसके बाद उन्होंने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बिहार और झारखंड के कई शहरों में ठगी का आरोप
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बिहार और झारखंड के अलग-अलग शहरों में इसी तरीके से ठगी की कई वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी नीतीश कुमार के खिलाफ देवघर के साइबर क्राइम थाने में वर्ष 2023 का एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। धनबाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।