झारखंड: प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर चेहरे पर पोती कालिख, रांची में भाजपा ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की
रांची के हरमू मुख्य मार्ग पर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने और चेहरे पर कालिख पोतने के मामले में भाजपा नेताओं ने विरोध जताया है। पार्टी नेताओं ने अरगोड़ा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
रांची के हरमू मुख्य मार्ग पर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त करने और चेहरे पर कालिख पोतने का मामला सामने आने के बाद भाजपा नेताओं में आक्रोश है। घटना के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अरगोड़ा थाना पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। भाजपा ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दोषियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान राष्ट्रीय व्यक्तित्व थे। उनकी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करना और चेहरे पर कालिख पोतना केवल एक प्रतिमा का अपमान नहीं, बल्कि महापुरुषों के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोतने से डॉ. मुखर्जी के विचारों और उनके योगदान की रोशनी को धुंधला नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रतुल शाहदेव ने घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर लोगों के बीच विश्वास कायम करना चाहिए।
ये भी पढ़ें- बिहार में आसमान तक उठा पानी का ‘बवंडर’: तेज हवा-बारिश के बीच दिखा दुर्लभ नजारा, मौसम विभाग ने क्या बताया?
शिकायतकर्ता भाजपा नेता इंद्रजीत यादव ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में विचारों का मुकाबला विचारों से होना चाहिए, न कि ऐसी घटनाओं से। उन्होंने प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और घटना के पीछे की पूरी जानकारी सामने लाने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि मामले को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।