{"_id":"68150c316cab2a62ad048711","slug":"ranchi-sports-university-to-be-opened-in-jharkhand-school-to-be-built-in-khelgaon-and-solar-plant-to-be-built-2025-05-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jharkhand News: झारखंड में खुलेगा खेल विश्वविद्यालय, खेलगांव में बनेगा स्कूल और होगा सोलर प्लांट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jharkhand News: झारखंड में खुलेगा खेल विश्वविद्यालय, खेलगांव में बनेगा स्कूल और होगा सोलर प्लांट
Fri, 02 May 2025 11:47 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 02 May 2025 11:47 PM IST
सार
Ranchi News: मुख्य सचिव अलका तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय खोलने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए और इसके लिए एक कमेटी गठित कर बिहार के राजगीर में खुले खेल विश्वविद्यालय सहित अन्य राज्यों के मॉडल का अध्ययन किया जाए।
विज्ञापन
मुख्य सचिव अलका तिवारी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
झारखंड में खेल को संरचनात्मक रूप से विकसित करने और राज्य की प्रतिभाओं को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए अब खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित होगा। शुक्रवार को आयोजित झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में मुख्य सचिव अलका तिवारी ने इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय खोलने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए और इसके लिए एक कमेटी गठित कर बिहार के राजगीर में खुले खेल विश्वविद्यालय सहित अन्य राज्यों के मॉडल का अध्ययन किया जाए।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Jharkhand: भगवान बिरसा मुंडा की बनेगी भव्य प्रतिमा, मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया स्थल का निरीक्षण
विज्ञापन
मुख्य सचिव ने खेलगांव में उपलब्ध 200 एकड़ भूमि, चार इनडोर और छह आउटडोर स्टेडियमों सहित अन्य सुविधाओं के अधिकतम उपयोग की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जो भी बेहतरीन उपाय संभव हों, उन्हें अमल में लाया जाए।
विज्ञापन
खेल प्रशिक्षण से जुड़े बच्चों के लिए खेलगांव में खुलेगा प्लस-2 स्कूल
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए खेलगांव परिसर में ही एक सरकारी प्लस-2 स्कूल खोला जाएगा। मुख्य सचिव ने स्कूली शिक्षा सचिव को इस दिशा में कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्देश दिया। बताया गया कि खेलगांव में पहले से ही स्कूल के लिए बुनियादी ढांचा उपलब्ध है, केवल शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की आवश्यकता है। इसके साथ ही चार से पांच वर्ष की उम्र के बच्चों को खेल अकादमी से जोड़ने की भी योजना बनाई जा रही है, ताकि प्रारंभिक उम्र से ही उन्हें वैश्विक स्तर का प्रशिक्षण मिल सके।
स्पोर्ट्स एकेडमी से अब तक 1628 बच्चों ने जीते सैकड़ों पदक
झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी और सीसीएल के संयुक्त प्रयास से वर्ष 2016 से खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स एकेडमी में चयनित स्कूली बच्चों को मुफ्त आवास, भोजन, शिक्षा और खेल प्रशिक्षण की सुविधा दी जा रही है। 200 एकड़ के इस परिसर में कुल 1400 बच्चों के प्रशिक्षण की क्षमता है, हालांकि वर्तमान में 220 बच्चे (92 लड़के और 128 लड़कियां) प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनके लिए 47 प्रशिक्षक और सपोर्ट स्टाफ कार्यरत हैं।
अब तक इस अकादमी से प्रशिक्षित 1628 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चार स्वर्ण, चार रजत और छह कांस्य पदक, राष्ट्रीय स्तर पर 74 स्वर्ण, 70 रजत और 118 कांस्य पदक तथा राज्य स्तर पर 763 स्वर्ण, 352 रजत और 227 कांस्य पदक जीत चुके हैं।
यह भी पढ़ें- Jharkhand: बायोवेस्ट प्रबंधन पर सभी जिलों को देनी होगी जानकारी; हाईकोर्ट का निर्देश- आठ मई तक रिपोर्ट दें डीसी
ऊर्जा बचत के लिए प्रस्तावित सोलर प्लांट
बैठक में सीसीएल की ओर से खेलगांव परिसर में पांच मेगावाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव भी दिया गया, जिसे सीसीएल अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड से पूरा करेगा। इससे बिजली बिल में भारी कटौती होगी और बचत की गई राशि को खेल संबंधी गतिविधियों के उन्नयन में उपयोग किया जाएगा। खेल विभाग ने बैठक में बताया कि खेलगांव का इंफ्रास्ट्रक्चर लगभग 15 वर्ष पुराना हो चुका है और उसमें सुधार की आवश्यकता है। इस पर मुख्य सचिव ने जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खेल नीति को मिलेगी नई दिशा
इस महत्वपूर्ण बैठक में गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, खेल-कूद विभाग के सचिव मनोज कुमार, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह सहित स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में लिए गए निर्णयों से स्पष्ट है कि राज्य सरकार अब खेलों के प्रति एक ठोस, दीर्घकालिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपना रही है, जिससे झारखंड की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना परचम लहरा सकेंगी।