Jharkhand: 'पूरा सिस्टम ‘प्रभार’ पर चल रहा या ठप पड़ा है, बड़े टेंडर लटक गए'...भाजपा ने हेमंत सरकार पर कसा तंज
Jharkhand: भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली हेमंत सरकार के समय में योजनाओं की हालत बेहद खराब हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द खाली पदों पर स्थायी नियुक्तियां की जाएं ताकि विकास कार्यों में गति आए।
विस्तार
झारखंड में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राज्य सरकार के कई विभागों में स्थायी अभियंताओं की नियुक्ति नहीं होने से विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल संसाधन, पथ निर्माण और ग्रामीण कार्य विभाग समेत कई अहम विभागों में काम ‘प्रभार’ के भरोसे चल रहा है। परिणामस्वरूप करोड़ों के टेंडर फंसे हुए हैं और बड़ी योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही हैं।
प्रतुल ने आरोप लगाया कि जल संसाधन विभाग की स्थिति अत्यंत दयनीय है। अभियंता प्रमुख के दो-दो पद खाली हैं और कहीं भी पूर्णकालिक नियुक्ति नहीं की गई है। पथ निर्माण विभाग में भी अभियंता प्रमुख का पद खाली है और भवन निर्माण विभाग में भी लंबे समय से मुख्य अभियंता की पोस्ट रिक्त है। ऐसे में अधीक्षण अभियंताओं को ही प्रभार देकर काम चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 5 करोड़ रुपये से ऊपर के टेंडर के लिए अभियंता प्रमुख की अध्यक्षता में कमेटी फैसला लेती है, लेकिन जब अध्यक्ष ही प्रभार में हो तो काम कैसे होगा? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार को योग्य अभियंता नहीं मिल रहे या सरकार ने ऐसी योग्यता तय कर दी है जिस पर कोई खरा नहीं उतर रहा?
पढ़ें: फोर्थ ग्रेड बहाली प्रक्रिया फिलहाल स्थगित, सरकार ने जारी किया निर्देश
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली हेमंत सरकार के समय में योजनाओं की हालत बेहद खराब हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द खाली पदों पर स्थायी नियुक्तियां की जाएं ताकि विकास कार्यों में गति आए।
साथ ही उन्होंने सरकार पर तुगलकी फरमान जारी करने का भी आरोप लगाया। प्रतुल ने कहा कि सावन महीने में दलमा पहाड़ स्थित भोले बाबा के प्राचीन मंदिर में पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं से भी शुल्क वसूला जा रहा है। विभाग ने बाकायदा नोटिस जारी कर यह टैक्स लगाने की घोषणा की है।