फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   Hemant Soren gave gift of jobs Appointment letters handed over to 49 training officers study AI in ITI college

हेमंत सोरेन ने दी नौकरी की सौगात: 49 प्रशिक्षण अधिकारियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, ITI कॉलेजों में AI की पढ़ाई

Wed, 05 Mar 2025 07:27 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: अरविंद कुमार Updated Wed, 05 Mar 2025 07:27 PM IST
सार

Hemant Soren Appointment Letters: राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा प्रशिक्षण पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 49 पदाधिकारियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरण गया।

विज्ञापन
Hemant Soren gave gift of jobs Appointment letters handed over to 49 training officers study AI in ITI college
सीएम हेमंत सोरेन नियुक्ति पत्र सौंपते हुए - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों 49 नव चयनित प्रशिक्षण पदाधिकारियों को जब नियुक्ति पत्र मिला तो उनके चेहरे की मुस्कान देखते ही बन रही थी। खुशियों से भरा यह अवसर था। झारखंड मंत्रालय में श्रम, प्रशिक्षण, नियोजन और कौशल विकास विभाग द्वारा आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नियुक्तियों का यह कारवां बढ़ता रहेगा। युवाओं को रोजगार से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने नव चयनित प्रशिक्षण अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से सरकार की एक अभिन्न अंग के रूप में जिम्मेदारियों से भरे नए सफर की आप शुरुआत कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि आप प्रशिक्षण देकर युवाओं के हुनर को इस तरह से निखारेंगे कि उन्हें रोजगार के लिए मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्हें रोजगार के भरपूर अवसर प्राप्त होंगे। वे अपने हुनर तथा क्षमता की बदौलत देश-विदेश में मान सम्मान और गर्व के साथ कार्य कर अपने परिवार और राज्य का नाम आगे बढ़ाएंगे।
विज्ञापन


'एक-एक कड़ी को जोड़ने का हो रहा प्रयास'
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई बार पॉलीटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों ने मुलाकात कर पठन-पाठन एवं प्रशिक्षण को लेकर हो रही समस्याओं से अवगत कराया था। इसी बात को संज्ञान में लेकर आईटीआई संस्थानों को मजबूत और संसाधनयुक्त बनाने का कार्य चल रहा है। इसी कड़ी में आईटीआई संस्थानों में पढ़ाई और प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशिक्षण पदाधिकारियों की नियुक्ति हुई है। यह हमारे द्वारा किए जा रहे प्रयासों का एक हिस्सा है और आने वाले दिनों में इसमें कई और कड़ियां जुड़ेंगी। हमारी कोशिश है कि झारखंड जैसे पिछड़े राज्य में रोजगार को लेकर नौजवानों की चिंताएं दूर हों।
विज्ञापन
विज्ञापन


'हुनर अनमोल होता है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि हुनर का कोई मोल नहीं होता है। हुनर तो अनमोल है। अगर आपके पास हुनर हो तो आपको रोजगार के लिए दौड़ने की जरूरत नहीं है। रोजगार खुद आपके दरवाजे पर आएगा, क्योंकि हुनरमंद को हर कोई अपने साथ जोड़कर रखना चाहता है। यही वजह है कि हमारी सरकार राज्य के नौजवानों के कौशल विकास के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। अब नौजवानों के प्रशिक्षण के लिए टेक्नोलॉजी पर विशेष जोर दिया जा रहा है, क्योंकि तकनीक के जरिए ही आज के युवा आगे बढ़ सकेंगे।

तकनीक के सहारे ही आने वाले समय में आगे बढ़ना पड़ेगा : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशिक्षण पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, पॉलिटेक्निक संस्थानों में शिक्षकों की कमी देखने को मिली थी, जिस कारण आप लोग का चयन हमने किया है। पॉलिटेक्निक संस्थानों को बेहतर तरीके से संचालित करें। आज के युग में तकनीक का बेहद महत्वपूर्ण योगदान है। समाज के विकास के लिए तकनीकी शिक्षा को ग्रहण करना आवश्यक है। आने वाले समय में एक मजदूर को भी तकनीक का सहारा लेना पड़ेगा। पिछले कार्यकाल में हम लोगों ने लगभग 50,000 से ज्यादा युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किया और कहीं न कहीं हमें दिखता है कि तकनीकी ज्ञान रखने वाले युवाओं का महत्व हर कोई समझता है। आप लोगों की जिम्मेदारी होगी, नौजवानों को एक बेहतर ट्रेनिंग दें, ताकि अच्छे रोजगार उन्हें मिल सके।

Hemant Soren gave gift of jobs Appointment letters handed over to 49 training officers study AI in ITI college
सीएम हेमंत सोरेन का संबोधन - फोटो : अमर उजाला

बजट सत्र के बीच नियुक्ति पत्र वितरण समारोह
झारखंड विधानसभा में बजट सत्र जारी है। पिछले दिनों राज्य सरकार के ओर से एक लाख 45 हज़ार 400 करोड़ का बजट पेश किया गया। इसी कड़ी में राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा प्रशिक्षण पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। कहीं न कहीं सरकार द्वारा संदेश देने का प्रयास किया जा रहा कि हेमंत सरकार युवाओं को नौकरी देने में विश्वास करती है।

प्रशिक्षण में नई-नई तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तेजी से तकनीकें बदल रही हैं। औद्योगिक जगत में अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल हो रहा है। मजदूरों के कार्य भी मशीनों के जरिए हो रहे हैं। ऐसे में अगर समय के अनुरूप आप अपने हुनर को नहीं निखारेंगे तो जमाने से काफी पीछे रह जाएंगे। रोजगार प्राप्त करना आपके लिए बड़ी चुनौती बन जाएगी। हमारा प्रयास है कि नई-नई तकनीको के माध्यम से आपको प्रशिक्षण मिले, ताकि रोजगार के रास्ते आपके लिए हमेशा खुले रहें।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को आईटीआई पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमारे जीवन का अहम हिस्सा बनता जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए तकनीक काफी आगे बढ़ चुका है। आज कृषि हो या उद्योग अथवा कोई और क्षेत्र हर जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल तेज होता जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से अब आप अपने को अलग नहीं रख सकते हैं। ऐसे में हमारे नौजवान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में आगे बढ़ें, इसके लिए आईटीआई संस्थानों के  पाठ्यक्रम में इसे शामिल करने की जरूरत है। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों की मरम्मत का प्रशिक्षण देने के लिए भी कोर्स संचालित करने पर जोर दिया।

प्रखंड स्तर पर कौशल विकास के प्रशिक्षण की है व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अब प्रखंड स्तर पर ही कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। मेरा नौजवानों से आग्रह है कि वे कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र में आएं और अपने को दक्ष बनाएं। आपकी दक्षता आपके करियर को नई दिशा देगी।

युवाओं को एंटरप्रेन्योर एवं स्टार्टअप शुरू करने के लिए तैयार करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हम एक ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जहां युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर न सिर्फ उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं बल्कि उनके हुनर को इस तरह से निखारने का प्रयास हो रहा है कि वे एक एंटरप्रेन्योर के रूप में आगे आकर अपना स्टार्टअप स्थापित कर सकें। इससे न सिर्फ वे रोजगार प्राप्त करेंगे, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार से जोड़ने में सफल होंगे।

कौशल विकास के साथ रोजगार उपलब्ध करा रही है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं का कौशल विकास के साथ उनके रोजगार के लिए भी कार्य कर रही है। कैंपस प्लेसमेंट और रोजगार मेला तथा कई अन्य माध्यमों से पिछले वर्ष 50 हज़ार से अधिक युवाओं को देश-विदेश के संस्थानों में सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया गया। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि किसी एक व्यक्ति के बलबूते राज्य आगे नहीं बढ़ सकता है। सभी की भागीदारी से झारखंड जैसे राज्य का सर्वांगीण विकास संभव है। इस अवसर पर श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव,  मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, श्रम विभाग के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह, श्रमायुक्त संजीव कुमार बेसरा और कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed