कोलेबिरा विधानसभा सीट के उपचुनाव में 64 प्रतिशत मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड के नक्सल प्रभावित कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार को हुए उपचुनाव में कुल 64.08 प्रतिशत मतदान हुआ। उपचुनाव में भाजपा, मुख्य विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित झारखंड पार्टी की मेनन एक्का और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला रहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह सात बजे से अपराह्र तीन बजे तक सभी 270 बूथों पर कुल 64.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उपचुनाव के दौरान कहीं से किसी प्रकार की हिंसा की खबर नहीं है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक चुनावकर्मी अपने-अपने बूथों से केन्द्रीय कार्यालय लौट रहे हैं। मतगणना 23 दिसंबर को होगी।
हत्या के एक मामले में झारखंड पार्टी के विधायक एनोस एक्का के सजा पाने के बाद रिक्त हुई कोलेबीरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया गया। इस सीट पर कुल पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे जिनमें भाजपा के बसंत सोरेंग, झारखंड पार्टी की मेनन एक्का और कांग्रेस के नमन विक्सेल कोंगाडी प्रमुख हैं।
इनके अलावा सेंगेल पार्टी के अनिल कंदुलना एवं निर्दलीय बसंत डुंगडुंग भी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे थे। इस उपचुनाव में मुख्य विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने से इनकार कर दिया था और झारखंड पार्टी के अयोग्य ठहराये गये विधायक एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का की उम्मीदवारी का समर्थन किया था।