{"_id":"27-25886","slug":"Jammu-25886-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू संभाग में दो सौ सीसीटीवी कैमरे लगेंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू संभाग में दो सौ सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
Jammu
Updated Fri, 23 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
जम्मू। संभाग के कई अन्य क्षेत्रों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार हो गई है। जिन क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, उन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए विशेषज्ञ टीम ने काम शुरू कर दिया है। एसएसपी पीसीआर (पुलिस कंट्रोल रूम) विजय कुमार के अनुसार जिन क्षेत्रों में नए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे, उसके लिए सर्वेक्षण शुरू हो गया है। सीसीटीवी कैमरे की कंपनी के प्रतिनिधि भी पहुंच चुके हैं। शहरी क्षेत्र में पहले से ही कैमरे लगे हुए हैं। अब शहर के बाहर महत्वपूर्ण चौक और चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है। इससे पहले जम्मू शहर, लखनपुर और नगरोटा में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। इनमें से कई कैमरे खराब भी हो चुके हैं और उन्हें भी ठीक करने का काम शुरू हो गया है। इन नए कैमरों का कंट्रोल भी कंट्रोल रूम में ही स्थापित होगा। सूत्रों के अनुसार इन सीसीटीवी को ट्रैफिक कानून तोेड़ने, नाकों पर हफ्ता वसूली, पुलिस को केस में छानबीन में मदद करने के उद्देश्य से लगाया गया था। इनमें से एक उद्देश्य पर पुलिस को सफलता नहीं मिली है। केस जांच में कोई लाभ नहीं हुआ और हफ्ता वसूली पर कोई अंकुश नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि संभाग के अन्य जिलों के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है। इन कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी कोशिश की गई। गौरतलब है कि शहर के कई चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। नरवाल में शराब की दुकान पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच के दौरान पाया गया कि इस क्षेत्र में लगा सीसीटीवी कैमरा कई दिनाें से खराब है।
विज्ञापन