{"_id":"665e1ac85f8cb437130fa820","slug":"wr-mumbai-suburban-rail-traffic-affected-due-to-cable-cut-borivali-station-additional-metro-trains-operated-2024-06-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"WR Mumbai : बोरीवली स्टेशन पर केबल कटने से उपनगरीय रेल यातायात प्रभावित, अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें चलानी पड़ीं","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
WR Mumbai : बोरीवली स्टेशन पर केबल कटने से उपनगरीय रेल यातायात प्रभावित, अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें चलानी पड़ीं
Tue, 04 Jun 2024 01:12 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Tue, 04 Jun 2024 01:12 AM IST
सार
मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर रविवार रात केवल कटने से पश्चिमी रेलवे नेटवर्क पर उपनगरीय रेल यातायात प्रभावित रहा। जिसे ठीक करने के लिए अधिकारियों को करीब 11 घंटे लग गए। इस बीच यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं संचालित की गईं।
विज्ञापन
मुंबई लोकल ट्रेन (फाइल)
- फोटो : ANI
विस्तार
मुंबई में सोमवार को दैनिक रेल यात्री और कार्यालय जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बोरीवली रेलवे स्टेशन पर केबल कट गया, जिससे पश्चिमी रेलवे नेटवर्क पर लोकल ट्रेन सेवाएं तकनीकी समस्याओं के चलते बुरी तरह प्रभावित हुईं। यह घटना रविवार रात लगभग दो बजे हुई। जिसे ठीक करने के लिए अधिकारियों को करीब 11 घंटे लग गए। इस बीच यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं संचालित की गईं।
विज्ञापन
पश्चिम रेलवे के मुख्य पीआरओ सुमित ठाकुर ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि तकनीकी समस्याओं के लिए मानसून की तैयारी का काम जिम्मेदार है, क्योंकि रविवार रात जब बोरीवली में एक नाले के लिए खुदाई का काम चल रहा था तो केबल कट गई, जिसके चलते बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं, हालांकि अन्य प्लेटफॉर्मों से लोकल ट्रेन सेवाएं सुचारू रूप से चल रही थीं।
विज्ञापन
सुमित ठाकुर ने बताया कि तकनीकी टीम और अन्य रेलकर्मियों की तत्परता के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 1 को दोपहर 12.05 बजे और प्लेटफॉर्म नंबर 2 को दोपहर 1.30 बजे बहाल कर दिया गया। इस दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें भी चलाई गईं।
विज्ञापन
पश्चिम रेलवे पर व्यवधान के कारण मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ी
महा मेट्रो के प्रवक्ता ने कहा कि एमएमआरडीए मेट्रोपॉलिटन कमिश्नर संजय मुखर्जी के निर्देश पर रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए अंधेरी और दहिसर को जोड़ने वाली लाइन 2ए और 7 पर चार अतिरिक्त ट्रेनसेट का उपयोग करके 16 अतिरिक्त सेवाएं चलाई गईं। सोमवार रात 8 बजे तक मार्ग पर यात्रियों की संख्या 2.14 लाख थी, जबकि सामान्य दैनिक यात्री संख्या 1.85 लाख थी। उन्होंने बताया कि पश्चिम रेलवे पर व्यवधान के कारण बोरीवली, कुरार और राष्ट्रीय उद्यान जैसे मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ गई।
बता दें कि पश्चिमी रेलवे आमतौर पर चर्चगेट से दहानू तक फैले लगभग 30 लाख दैनिक यात्रियों के लिए 1,300 से अधिक उपनगरीय सेवाएं संचालित करता है।