जानिए! राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद कौन चला रहा है कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस्तीफा दे चुके हैं। वह अपने ट्विटर अकाऊंट से अध्यक्ष पद को हटा चुके हैं। हालांकि राहुल गांधी धीरे-धीरे राजनीतिक कामकाज में सक्रिय हो रहे हैं, लेकिन बतौर अध्यक्ष वह कोई आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा वापस लेने से भी साफ मना कर दिया है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि कांग्रेस पार्टी को कौन चला रहा है। संक्रमण काल से गुजर रही पार्टी में नीतिगत या महत्वपूर्ण कामकाज किसके माध्यम से हो रहा है?
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने संभाली कमान
संक्रमण के इस दौर में पार्टी को एकजुट रखने का दायित्व यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने संभाल रखा है। सोनिया अघोषित तौर पर इस जिम्मेदारी को निभा रही हैं। जब कांग्रेस के बड़े नेता उनसे किसी मामले में सलाह लेने आते हैं तो सोनिया उनके सामने अपनी राय रखती हैं। इसे निर्देश के तौर पर मानकर कांग्रेस पार्टी के नेता आगे बढ़ रहे हैं। बताते हैं कर्नाटक में एचडी कुमारस्वामी सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यह संकट कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व में छाई भ्रम की स्थिति में लगातार बढ़ रहा था। केंद्रीय नेता समझ नहीं पा रहे थे कि वह ऐसी स्थिति में क्या करें? वहीं, कर्नाटक सरकार के दो संकट मोचक हैं। एक कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार और दूसरे पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैय्या। दोनों नेता अपने स्तर पर निर्णय ले रहे हैं, लेकिन उन्हें भी केंद्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन की दरकार चाहिए थी। बताते हैं इस तरह की स्थिति को देखते हुए सोनिया गांधी ने आगे बढ़कर अपना दायित्व निभाया।
गुलाम नबी को भेजा कर्नाटक
यूपीए चेयरपर्सन ने राजनीति में माहिर राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद को बेंग्लुरू भेजा। सोनिया के निर्देश पर बतौर पर्यवेक्षक संकट टालने के लिए मंगलवार को गुलाम नबी आजाद कर्नाटक के लिए रवाना हो गए। कर्नाटक का संकट टालने के लिए यूपीए चेयरपर्सन ने कुछ अन्य कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं से बात की। बताते हैं यूपीए चेयरपर्सन ने कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव और सीडब्ल्यूसी की बैठक में कोई निर्णायक फैसला लिए जाने तक अघोषित तरीके से इस भूमिका को निभा सकती हैं।