{"_id":"58dc3dbe4f1c1bef4c63e775","slug":"when-chief-minister-devenrda-fadnavis-was-trapped-in-mumbai-s-local-train","type":"story","status":"publish","title_hn":"जब मुंबई की लोकल ट्रेन में फंसे थे मुख्यमंत्री फडणवीस","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
जब मुंबई की लोकल ट्रेन में फंसे थे मुख्यमंत्री फडणवीस
amarujala.com-presented by:संदीप भट्ट
Updated Thu, 30 Mar 2017 04:35 AM IST
विज्ञापन
सुरेंद्र मिश्र/अमर उजाला, मुंबई। मुंबई के लोकल ट्रेनों में सफर मुश्किल और परेशानियों से भरा होता है। सामान्य यात्रियों की यह रोजमर्रा की जिंदगी है लेकिन, जब कोई माननीय लोकल ट्रेन में सफर करता है तो उसे जमीनी हकीकत पता चलती है। ऐसे ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकल ट्रेन की यात्रा की तो उन्हें भी इस परेशानी से दो-चार होना पड़ा। बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में फडणवीस ने इसका बाकायदा जिक्र करते हुए यात्रियों की परेशानी का उल्लेख किया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि एक बार सुबह साढे़ आठ बजे उन्होंने पश्चिम रेलवे के मीरा रोड स्टेशन से दक्षिण मुंबई आने के लिए लोकल ट्रेन पकड़ी। ट्रेन आने से पहले ही स्टेशन पर करीब तीन हजार यात्री मौजूद थे। ट्रेन मीरा रोड स्टेशन पहुंचते ही वह ठसाठस भर गई। काफी जद्दोजहद के बाद फडणवीस ट्रेन में तो चढ़ गए लेकिन दादर पहुंचने तक वह बेहाल हो गए। उन्होंने बताया कि ट्रेन में हाथ ऊपर था इसलिए खुजली करने के लिए भी हाथ नीचे नहीं ला सके। ठसाठस भरी ट्रेन में उन्हें यह पता ही नहीं था कि हाथ कहां है और पैर कहां है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री के इस किस्से से सदन में हंसी का फव्वारा छूट पड़ा। बहरहाल, दादर पहुंचने के बाद जब यात्रियों की भीड़ थोड़ी कम हुई तब उन्होंने राहत की सांस ली। मुंबई के लोकल ट्रेन में अपने सफर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने मीरा रोड और भाईंदर तक के लिए मेट्रो रेल शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने विधानसभा में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि मेट्रो रेल सेवा शुरू होने से मीरा रोड के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
विज्ञापन