Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   What Is Gerrymandering? History, Meaning And Why It Is Trending In India Amid Delimitation Debate

जैरीमेंडरिंग: क्या है जैरीमेंडरिंग, कहां से आया यह शब्द और भारत में परिसीमन को लेकर क्यों उठ रहे सवाल?

Sat, 28 Nov 2026 08:28 PM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: संकल्प प्रकाश सिंह Updated Sat, 28 Nov 2026 08:28 PM IST
सार

जैरीमेंडरिंग क्या है? इसको लेकर इन दिनों चर्चा क्यों हो रही है? इस शब्द का इतिहास क्या है और भारत में परिसीमन को लेकर सवाल क्यों उठ रहे हैं?

विज्ञापन
What Is Gerrymandering? History, Meaning And Why It Is Trending In India Amid Delimitation Debate
What Is Gerrymandering - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह प्रस्तावित परिसीमन के जरिए चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह से बदलना चाहती है, जिससे भाजपा को राजनीतिक फायदा मिल सके। उन्होंने इसे जैरीमेंडरिंग की आशंका से जोड़ते हुए चिंता जताई है। ऐसे में जैरीमेंडरिंग शब्द इन दिनों काफी चर्चा में है। 

विज्ञापन

जैरीमेंडरिंग क्या है?

जैरीमेंडरिंग चुनाव में जीत हासिल करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में जानबूझकर बदलाव करने की प्रक्रिया है। इसमें किसी राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के मकसद से वोटिंग क्षेत्रों का बंटवारा इस तरह किया जाता है कि उसे ज्यादा सीटें मिल सकें और विरोधी दल को नुकसान हो। कई बार यह बंटवारा नस्ल या किसी खास समुदाय को ध्यान में रखकर भी किया जाता है। आसान शब्दों में कहें तो इसमें चुनाव से पहले ही निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जाती हैं, जिससे नतीजे किसी खास पार्टी के पक्ष में जा सकें।

विज्ञापन

जैरीमेंडरिंग शब्द की शुरुआत कैसे हुई?

जैरीमेंडरिंग शब्द अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के पूर्व गवर्नर एल्ब्रिज गेरी के नाम पर पड़ा। साल 1810 में गेरी ने गवर्नर का पद संभाला था। उस समय उनकी पार्टी डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन थी। इस पार्टी ने राज्य के सीनेट चुनाव क्षेत्रों का नक्शा नए सिरे से तैयार करवाया। आरोप था कि ऐसा जानबूझकर किया गया ताकि विरोधी पार्टी फेडरलिस्ट को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचे और डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में फायदा मिले। नए नक्शे में एक चुनावी क्षेत्र का आकार काफी अजीब था। वह देखने में छिपकली जैसा लग रहा था। इस नक्शे को लेकर अखबारों में खूब मजाक उड़ाया गया। एक अखबार ने इस क्षेत्र की तुलना सैलामैंडर नाम के जीव से की। इसके बाद गवर्नर गेरी के नाम 'गेरी' और 'सैलामैंडर' को मिलाकर 'गेरी-मेंडर' शब्द बनाया गया। धीरे-धीरे इसी से गेरिमैंडरिंग शब्द चलन में आ गया।

विज्ञापन
विज्ञापन


हालांकि, इस नक्शे को तैयार करने में गवर्नर गेरी की सीधी भूमिका बहुत कम बताई जाती है। लेकिन उन्होंने नए नक्शे को कानून के रूप में मंजूरी दी थी। इसी वजह से विरोधी पार्टी और अखबारों ने उन्हें निशाने पर लिया। इस विवाद का असर उनके राजनीतिक करियर पर भी पड़ा और 1812 की शुरुआत में उन्हें दोबारा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। गौर करने वाली बात है कि 1812 के चुनाव में फेडरलिस्ट पार्टी ने गवर्नर का पद तो जीत लिया, लेकिन राज्य की सीनेट पर कब्जा नहीं कर पाई। अगले ही साल 1813 में तस्वीर बदल गई। फेडरलिस्ट पार्टी ने भारी जीत दर्ज की और राज्य की सीनेट पर भी नियंत्रण हासिल कर लिया। यहां तक कि वह सीट भी उसके खाते में चली गई, जिसे गैरीमेंडरिंग के जरिए अपने पक्ष में बनाने की कोशिश की गई थी। इस तरह एक चुनावी नक्शे को लेकर शुरू हुआ विवाद हमेशा के लिए एल्ब्रिज गेरी के नाम से जुड़ गया। दिलचस्प है कि 'Gerry' का सही उच्चारण कठोर 'G' की आवाज के साथ होता है, लेकिन 'Gerrymandering' में इसे आमतौर पर 'जेरी' की तरह बोला जाता है।

जैरीमेंडरिंग का हालिया उदाहरण

हाल ही में अमेरिका में 2025 के दौरान जैरीमेंडरिंग का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आया था। वहां रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, दोनों पार्टियों ने अपने-अपने राज्यों में चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की कोशिश की। इसका उद्देश्य अमेरिकी संसद के निचले सदन यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में अपनी पार्टी की सीटें बढ़ाना था।

अगस्त 2025 में टेक्सास ने नया चुनावी नक्शा मंजूर किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मांग पर तैयार किए गए इस नक्शे से रिपब्लिकन पार्टी को पांच अतिरिक्त सीटें मिलने की उम्मीद थी। इसके जवाब में डेमोक्रेटिक पार्टी के नियंत्रण वाले कैलिफोर्निया ने भी नया प्रस्ताव रखा। नवंबर 2025 में वहां के मतदाताओं ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके तहत स्वतंत्र आयोग की जगह राज्य की विधायिका को अस्थायी रूप से चुनावी क्षेत्रों का नक्शा बनाने का अधिकार मिला। आमतौर पर अमेरिका में हर 10 साल में होने वाली जनगणना के बाद चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदली जाती हैं। हालांकि, टेक्सास और कैलिफोर्निया में यह बदलाव जनगणना के बीच में ही किया गया।

गौर करने वाली बात है कि इन कोशिशों का चुनाव में उम्मीद के मुताबिक फायदा नहीं मिला। टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी पांच में से सिर्फ एक निशाने वाली सीट जीत सकी जबकि अपनी दो सीटें भी गंवा दीं। वहीं कैलिफोर्निया में डेमोक्रेटिक पार्टी ने निशाने पर रखी गई पांचों सीटें जीत लीं। इससे साफ हुआ कि चुनावी नक्शा बदलने से किसी पार्टी को फायदा तो मिल सकता है लेकिन मतदाताओं की पसंद बदलने पर यह फायदा खत्म भी हो सकता है।

Trending Videos

What Is Gerrymandering? History, Meaning And Why It Is Trending In India Amid Delimitation Debate
What Is Gerrymandering - फोटो : Amar Ujala

भारत में क्या है परिसीमन का इतिहास?

आजादी के बाद भारत में यह तय किया गया कि आबादी में बदलाव के हिसाब से समय-समय पर चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदली जाएंगी। इसके लिए पहला परिसीमन आयोग 1952 में बना। इसके बाद 1963 और 1973 में भी आयोग गठित किए गए। इन आयोगों द्वारा 1951, 1961 और 1971 की जनगणना के आधर पर परिसीमन किया गया। इस प्रक्रिया में दो अहम फैसले लिए जाते थे। पहला संसद और विधानसभा में हर राज्य को कितनी सीटें मिलेंगी। दूसरा उन राज्यों के अंदर चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं कहां होंगी।

हालांकि, सभी राज्यों में आबादी एक जैसी तेजी से नहीं बढ़ रही थी। कुछ राज्य परिवार नियोजन के जरिए जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने में सफल रहे। वहीं कुछ राज्यों में आबादी तेजी से बढ़ी। ऐसे में चिंता थी कि नए परिसीमन से तेजी से बढ़ती आबादी वाले राज्यों को ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। इसी वजह से 1976 में 42वें संविधान संशोधन के जरिए लोकसभा में राज्यों की सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर कर दिया गया। 2001 में 84वें संविधान संशोधन से इस रोक कर 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना तक बढ़ा दिया गया।

हालांकि, 2003 में 87वें संशोधन के बाद 2001 की जनगणना के आधार पर राज्यों के अंदर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की अनुमति दी गई। इसके लिए 2002 में चौथा परिसीमन आयोग बना, जिसके फैसले 2008 में लागू हुए। इससे सीटों की सीमाएं बदलीं लेकिन राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा पहले जैसा ही रहा।

वहीं अब महिलाओं को संसद और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण देने के मुद्दे ने परिसीमन को लेकर केंद्र और विपक्ष के बीच नई बहस छेड़ दी है। 2023 में 106वें संविधान संशोधन के तहत इस आरक्षण को लागू करने के लिए जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन को जरूरी बनाया गया था।

अप्रैल 2026 में सरकार ने संसद में तीन विधेयक पेश किए। इनमें लोकसभा की सीटें बढ़ाने और 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने का प्रस्ताव था। हालांकि, 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। इसके बाद परिसीमन विधेयक पर भी वोटिंग नहीं हुई।

विपक्ष ने सवाल उठाया कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना क्यों जरूरी है? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं अपने राजनीतिक फायदे के लिए बदलना चाहती है। सरकार ने इस आरोप को खारिज किया है। 27 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट ने प्रत्येक राज्य की लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाकर अधिकतम 850 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसमें राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के अनुसार तय करने की बात है। इस प्रस्ताव पर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में चर्चा होनी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed