बंगाल: कुणाल घोष की कार पर फेंके गए अंडे; ममता बनर्जी के खिलाफ लहराए गए काले झंडे, भाजपा पर बरसीं पूर्व सीएम
हुगली के श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की रैली से पहले टीएमसी विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडे फेंके जाने का आरोप लगा है। मौके पर काले झंडे दिखाने और नारेबाजी की भी बात सामने आई है।
विस्तार
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के श्रीरामपुर में पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की रैली से पहले राजनीतिक तनाव बढ़ गया। शनिवार को रैली में शामिल होने जा रहे टीएमसी विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडे फेंके जाने की खबर सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना उत्तरपाड़ा इलाके में हुई। यहां लोगों ने पूर्व सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ काले झंडे दिखाए और नारे लगाए।
कुणाल घोष ने क्या कहा?
कुणाल घोष ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि उनकी कार को रोका गया और उस पर अंडे फेंके गए। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। घोष ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराने की बात भी कही है। टीएमसी नेताओं ने घटना के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
#WATCH | West Bengal: TMC MLA Kunal Ghosh says that eggs were hurled at his car and a group of people attacked the car while he was going to Serampore, Hooghly, for a rally of former CM Mamata Banerjee.
विज्ञापन विज्ञापन
(Video Source: Kunal Ghosh) pic.twitter.com/yH6jvA5AOw— ANI (@ANI) September 26, 2026
ममता ने भी लगाए आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने टीएमसी विधायक कुणाल घोष पर कथित हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लोगों से बंगाल में शांति बनाए रखने और परेशानी खड़ी नहीं करने की अपील की। ममता ने कहा कि कोर्ट के आदेश के अनुसार श्रीरामपुर में आज सभा हो रही है, लेकिन टीएमसी कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका जा रहा है और उनके साथ मारपीट की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला किया और कई लोगों को घेर लिया। ममता के अनुसार, कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। उन्होंने कहा कि कुणाल घोष भी घायल हुए हैं। ममता ने बताया कि वह खुद मौके पर जा रही हैं और वहां की स्थिति देखेंगी।
ममता बनर्जी की आज रैली
ममता बनर्जी शनिवार को हुगली के श्रीरामपुर कोर्ट मैदान में सार्वजनिक सभा को संबोधित करने वाली हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस सभा को कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी है। अदालत के आदेश के अनुसार, सभा शाम चार बजे से छह बजे तक हो सकती है और इसमें अधिकतम 1,000 लोगों के शामिल होने की सीमा रखी गई है।
पुलिस कार्रवाई को लेकर भी विवाद
रैली से एक दिन पहले टीएमसी ने दावा किया था कि पुलिस ने जिले में पार्टी के 150 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। इनमें महिलाएं भी शामिल होने का दावा किया गया। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। वहीं, पुलिस ने दो टीएमसी कार्यकर्ताओं को कथित जबरन वसूली के मामलों में गिरफ्तार किया था। टीएमसी नेताओं ने पुलिस पर रैली में बाधा डालने का आरोप लगाया, जबकि स्थानीय भाजपा विधायक और मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने इन दावों को खारिज किया।