West Bengal: कोलकाता में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर तीन फीट तक भरा पानी, 10 की मौत; दो दिन के लिए अलर्ट जारी
भारत के मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आगे भी भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है।
विस्तार
अब तक जिन लोगों की जान गई है उनमें तीन की पहचान हो चुकी है। इनमें एक बेनियाकपुर के रहने वाले फिरोज अली खान (50), नेताजी नगर के प्रणतोष कुंडु (62) और इकबालपुल की मुमताज बीबी (70) शामिल हैं। इसके अलावा गरियाहट में एक और व्यक्ति की जान गई, जिसकी पहचान नहीं की जा सकी है। इसके अलावा तीन और की पहचान होना बाकी है। कोलकाता पुलिस ने बताया कि इनमें से एक व्यक्ति सुबह सवा पांच बजे अपने घर से निकला था। हुसैन शाह रोड पर वह करंट की चपेट में आ गया। उसे एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोलकाता के मेयर और शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने बताया कि फिलहाल शहर में करंट लगने से चार की मौत की खबर है। उन्होंने कहा कि अभी कोलकाता के ज्यादातर इलाकों में पानी भरा है और महानगरपालिका के कर्मी लगातार पानी निकालने की कोशिश में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री ने निजी बिजली कंपनी की खामियों की आलोचना की
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मूसलाधार बारिश को अभूतपूर्व करार दिया। उन्होंने फरक्का बैराज की खराब ड्रेजिंग और निजी बिजली कंपनी सीईएससी की खामियों की कड़ी आलोचना की। साथ ही उन्होंने लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए घरों के अंदर रहने की अपील की।
ममता ने कहा, "मैंने ऐसी बारिश पहले कभी नहीं देखी। मुझे इस घटना में जान गंवाने वालों के लिए बहुत दुख हो रहा है। मैंने सुना है कि खुले या बेपरवाह तारों से करंट लगने से 7-8 लोगों की मौत हो गई है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सीईएससी को उनके परिवारों को नौकरी देनी चाहिए। मैं यह स्पष्ट रूप से कह रही हूं। हम भी हरसंभव मदद करेंगे।"
सीईएससी को घेरते हुए उन्होंने कहा, "बिजली सीईएससी द्वारा आपूर्ति की जाती है, हमारे द्वारा नहीं। यह सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है कि लोगों को इससे परेशानी न हो। वे यहां व्यापार करेंगे, लेकिन आधुनिकीकरण नहीं करेंगे? उन्हें लोगों को मैदान में भेजकर इसे ठीक करना चाहिए।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "यहां तक कि हमारे घर भी जलमग्न हो गए हैं; हम सभी कष्ट में हैं। मुझे पूजा पंडालों के लिए भी बहुत बुरा लग रहा है। स्कूलों को छुट्टियां घोषित करने को कहा गया है और दफ्तर जाने वालों को आज और कल घर पर रहने की सलाह दी गई है।" उन्होंने यह भी कहा कि वह महापौर, मुख्य सचिव और पुलिस के लगातार संपर्क में हैं।
30 उड़ानें रद्द
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को कोलकाता में भारी मूसलाधार बारिश ने हवाई यात्रा को बुरी तरह प्रभावित किया है। जिसके कारण कम से कम 30 उड़ानें रद्द कर दी गईं और कई उड़ानों को देरी का सामना करना पड़ा है। भारी बारिश से हजारों यात्री फस गए और परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं हैं।
#WATCH | Kolkata, West Bengal | Railway tracks and shops inundated as heavy rainfall causes waterlogging in Howrah pic.twitter.com/iF2mmz6s0d
— ANI (@ANI) September 23, 2025
उधर पूर्वी रेलवे के अधिकारी ने कहा कि पटरियों पर पानी भरने की वजह से सियालदाह के दक्षिणी सेक्शन में ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। हावड़ा और कोलकाता के बीच भी कुछ टर्मिनल स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं।
इसके अलावा कुछ स्कूलों ने भी बारिश के चलते छुट्टी का एलान कर दिया। दफ्तर जाने वालों को यातायात से जुड़ी समस्याओं और वाहनों की कमी के चलते परेशानी झेलनी पड़ी।
भारत के मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम और बांकुरा जिलों में बुधवार तक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 25 सितंबर के आसपास खाड़ी में एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है, जिससे बारिश का सिलसिला और बढ़ सकता है।
#WATCH | Kolkata, West Bengal | Heavy rain causes waterlogging in several parts of Kolkata
— ANI (@ANI) September 23, 2025
(Visuals from South Kolkata) pic.twitter.com/NfXgHlzEBr